गुलाम नबी आजाद पर कांग्रेस के इस बड़े नेता ने यह कहा
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया ने गुलाम नबी आजाद के पार्टी से इस्तीफा देने पर कहा कि उनका पार्टी छोड़ देना जम्मू-कश्मीर में पार्टी के लिए झटका है।
पुनिया ने कहा कि आजाद कांग्रेस के बहुत वरिष्ठ नेता थे, इससे सहमत या असहमत होने के लिए कुछ भी नहीं था। शुक्रवार को एक न्यूज चैनल से बात करते हुए, पुनिया ने कहा, “अगर आजाद को राज्यसभा के लिए नामांकित किया जाता तो स्थिति अलग होती। ऐसे में उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया होता। वह दो बार जम्मू-कश्मीर के सीएम रहे हैं और इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि उनके इस्तीफे के बाद कांग्रेस को झटका लगेगा।”
उल्लेखनीय है कि आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना पांच पन्नों का इस्तीफा भेजा था। उन्होंने अपने त्याग पत्र में कहा है कि वह कांग्रेस से अपने सभी सम्बन्ध खत्म कर रहे हैं। इसके कुछ दिन पहले उन्होंने पार्टी द्वारा नामित किए जाने के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष का पद भी छोड़ दिया था।
कई नेताओं ने भी आजाद के समर्थन में छोड़ी कांग्रेस
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भी आजाद के समर्थन में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इनमें जम्मू और कश्मीर के पांच पूर्व विधायक शामिल हैं। इन सभी ने 2014 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। इन पांच पूर्व विधायकों और मंत्रियों के साथ पूर्व मंत्री आरएस चिब, पूर्व मंत्री जुगल किशोर शर्मा और महासचिव अश्विनी हांडा ने भी इस्तीफा दे दिया है।
