राजस्थान में मॉब लिंचिंग: सब्जी का ठेला लगाने वाले को भीड़ ने पीट-पीटकर गम्भीर घायल किया, इलाज के दौरान मौत
अलवर जिले में हुई वारदात,आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना
एनसीआई@अलवर
राजस्थान के जालौर में दलित छात्र की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब अलवर जिले में मॉब लिंचिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के रामबास गांव में मुस्लिम समुदाय के करीब दो दर्जन लोगों ने एक व्यक्ति को चोर समझकर उसके ही खेत में बुरी तरह पीट डाला। इससे गम्भीर घायल हुए इस व्यक्ति की जयपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

गोविन्दगढ़ कस्बे के निकटवर्ती रामबास गांव में चिरंजीलाल माली (45) 14 अगस्त, रविवार को नित्यकर्म के लिए अपने खेत में गया था। उसी दौरान अलवर के सदर थाना क्षेत्र से चोर एक ट्रेक्टर को चोरी करके भाग रहे थे। पुलिस और ट्रेक्टर मालिक इन चोरों का पीछा कर रहे थे। अपने आपको चारों तरफ से घिरता देख चोर तो खेत के पास ट्रेक्टर छोड़ कर भाग खड़े हुए, मगर ट्रेक्टर मालिक और उसके साथ के लोगों ने नित्यकर्म कर रहे चिरंजीलाल को ही चोर समझकर बुरी तरह पीट डाला। ये 20-25 लोग वहां स्कॉर्पियो और पिकअप में आए थे। बाद में पुलिस ने उसे गम्भीर घायल अवस्था में गोविंदगढ़ प्राथमिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सुबह 9 बजे करीब चिरंजीलाल को जयपुर रेफर कर दिया गया। वहां अगले दिन 15 अगस्त, सोमवार को अपराह्न 3 बजे करीब चिरंजीलाल की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने गोविंदगढ़ थाने का घेराव कर लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
गोविंदगढ़ थाने के कार्यवाहक थानाधिकारी एएसआई श्याम लाल मीणा ने बताया कि मृतक के बेटे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पिता चिरंजी लाल सैनी सुबह शौच के लिए गए थे, तभी कुछ लोगों ने उसके साथ लिंचिंग की। पिटाई से गम्भीर घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उलाहेड़ी गांव के विक्रम खान, जुम्मा खान सहित मुस्लिम समुदाय के कुछ और लोगों पर चिरंजी लाल के साथ लिंचिंग करने का आरोप है।
