जांच में फेल हुआ जॉनसन्स बेबी पाउडर, मेन्युफेक्चरिंग लाइसेंस रद्द
छोटे बच्चों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले देश के सबसे मशहूर ब्रांड जॉनसन्स बेबी को एक बड़ा झटका लगा है। एफडीए ने शुक्रवार को मुम्बई में जॉनसन्स बेबी पाउडर के मेन्युफेक्चरिंग लाइसेंस को केंसिल कर दिया है।
एनसीआई@नई दिल्ली
छोटे बच्चों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले देश के सबसे मशहूर ब्रांड जॉनसन्स बेबी को एक बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र एफडीए (फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन) ने मुम्बई में जॉनसन्स बेबी पाउडर के मेन्युफेक्चरिंग लाइसेंस को केंसिल कर दिया है। उल्लेखनीय है कि FDA ने महाराष्ट्र के पुणे और नासिक से जॉनसन्स बेबी पाउडर के सेम्पल लिए थे, जिसकी मुम्बई में जांच की गई थी। मुम्बई में हुई सेम्पल की जांच में सामने आया कि शिशुओं की त्वचा की सुरक्षा को लेकर जो मानदंड यानी क्राइटीरिया थे, उनमें जॉनसन्स बेबी पाउडर खरा नहीं उतर पाया। इसके बाद मुम्बई और मुलुंड में जॉनसन्स बेबी पाउडर की मेन्युफेक्चरिंग लाइसेंस को रद्द कर दिया गया।
भारत में काफी पसंद किए जाते हैं जॉनसन एंड जॉनसन के बेबी प्रोडक्ट्स
उल्लेखनीय है कि अमेरिका की फार्मा कम्पनी जॉनसन एंड जॉनसन भारत में काफी पुराने समय से अपने प्रोडक्ट बेच रहा है और हमारे देश में इस अमेरिकी कम्पनी के बेबी प्रोडक्ट्स काफी पसंद भी किए जाते हैं। भारत के ज्यादातर घरों में शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए बड़े पैमाने पर जॉनसन एंड जॉनसन के ही प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल होता आ रहा है।
अमेरिका और कनाडा में बैन है जॉनसन एंड जॉनसन का बेबी पाउडर
भारत में जॉनसन एंड जॉनसन के बेबी पाउडर के अलावा बेबी शैम्पू, बेबी सोप और बेबी ऑयल भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। देश में कम्पनी के प्रोडक्ट्स की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ज्यादातर महिलाएं इन पर आंख मूंदकर भरोसा करती हैं। अपने बच्चों की देखभाल में ज्यादातर इन्हीं का इस्तेमाल करती हैं। अमेरिका और कनाडा में जॉनसन एंड जॉनसन के बेबी पाउडर पर पहले ही बैन लगाया जा चुका है। अमेरिका में जॉनसन्स बेबी पाउडर को लेकर कम्पनी के खिलाफ 40 हजार से भी ज्यादा केस दर्ज हैं।
