पीएम मोदी ने ग्वालियर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ा, फिर खुद कैमरे से ली उनकी फोटो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शनिवार को जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ग्वालियर के कूनो नेशनल पार्क में पहुंचे। यहां उन्होंने नामीबिया से आए 8 चीतों में से 2 चीतों को पिंजरे से आजाद किया, फिर खुद कैमरे से उनकी तस्वीर ली
एनसीआई@ग्वालियर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शनिवार को जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ग्वालियर के कूनो नेशनल पार्क में पहुंचे। यहां उन्होंने नामीबिया से स्पेशल विमान में लाए गए 8 चीतों में से 2 चीतों को पिंजरे से आजाद किया। इसके बाद उन्होंने चीतों के फोटो भी खींचे। इस मौके पर उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे।
फिर पीएम मोदी ने यह कहा
चीतों को छोड़ने के बाद पीएम मोदी ने कहा, “मैं हमारे मित्र देश नामीबिया और वहां की सरकार का धन्यवाद करता हूं। जिनके सहयोग से दशकों बाद चीते भारत की धरती पर वापस लौटे हैं। दशकों पहले, जैव-विविधता की सदियों पुरानी जो कड़ी टूट गई थी, विलुप्त हो गई थी, आज हमें उसे फिर से जोड़ने का मौका मिला है। आज भारत की धरती पर चीता लौट आए हैं।”

Related News:-
नामीबिया से 8 चीतों को लेकर ग्वालियर पहुंचा विशेष विमान, कूनो नेशनल पार्क स्वागत के लिए तैयार
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं ये भी कहूंगा कि इन चीतों के साथ ही भारत की प्रकृति प्रेमी चेतना भी पूरी शक्ति से जागृत हो उठी है। ये दुर्भाग्य रहा कि हमने 1952 में चीतों को देश से विलुप्त तो घोषित कर दिया, लेकिन उनके पुनर्वास के लिए दशकों तक कोई सार्थक प्रयास नहीं हुआ। आज आजादी के अमृतकाल में अब देश नई ऊर्जा के साथ चीतों के पुनर्वास के लिए जुट गया है।”

उन्होंने कहा, “ये बात सही है कि जब प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण होता है तो हमारा भविष्य भी सुरक्षित होता है। विकास और समृद्धि के रास्ते भी खुलते हैं। कुनो नेशनल पार्क में जब चीता फिर से दौड़ेंगे, तो यहां का ग्रासलेंड इकोसिस्टम फिर से रिस्टोर होगा।”

