केशवरायपाटन शुगर मील के लिए अब आरपार का आंदोलन: किसानों ने दिया एडिशनल रजिस्ट्रार के चेम्बर में धरना, 3 दिन की दी चेतावनी
एनसीआई@कोटा
केशवरायपाटन शुगर मील को पुनः चालू करवाने की मांग को लेकर किसान लगातार आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज एडिशनल रजिस्ट्रार सहकारिता कोटा के चेम्बर में धरना दिया। इस दौरान एडिशनल रजिस्ट्रार वहां मौजूद नहीं थे, उनके बूंदी जाने की जानकारी मिली है। इस धरने का नेतृत्व कर रहे किसान नेता गिर्राज गौतम ने चेतावनी दी कि दिल्ली से सर्वे के लिए आने वाली नेशनल शुगर मिल की टीम के लिए 3 दिन में फंड रिलीज नहीं किया गया तो वह केशवरायपाटन शुगर मिल ऑफिस को बंद कर कर्मचारियों को बाहर निकाल देंगे। अब हम आरपार के मूड में हैं।
किसान नेता गिर्राज गौतम ने बताया कि राजस्थान सरकार और को-ऑपरेटिव रजिस्ट्रार जयपुर के आदेश के बावजूद भी केशवरायपाटन अवसायक और मील कर्मचारी नेशनल शुगर मिल फेडरेशन दिल्ली की टीम को आमंत्रित नहीं कर रहे हैं। मील से उस टीम को आमंत्रित करने के लिए फंड ट्रांसफर किया जाना है, मगर यह नहीं किया जा रहा है। जबकि मील के पास किसानों का फंड जमा है, इसी से कर्मचारियों को वेतन मिल रहा है। गिर्राज गौतम के अनुसार दिल्ली से टीम को आकर निरीक्षण कर सरकार को अपनी रिपोर्ट देनी है।
उन्होंने कहा कि हमारी उस टीम से बात हुई है। उनका कहना है कि अगर हमें फंड मिलता है तो हम 7 दिन में वहां आकर प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर सरकार को दे देंगे। इसके बावजूद 5 महीने से चिट्ठी इधर से उधर घूम रही है। एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाली जा रही है। हमें कभी जयपुर, कभी केशवरायपाटन तो कभी कोटा चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसलिए मजबूर होकर आज हमें एडिशनल रजिस्ट्रार के चेम्बर में धरने पर बैठना पड़ा है। गिर्राज गौतम ने कहा, हमारी एक ही मांग है कि आप अपने स्तर का काम करें, बाकी काम सरकार के ऊपर छोड़ दें, वह हम करवा लेंगे।
–हरिमोहन मेहरा की रिपोर्ट
