भरतपुर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह का ईआरसीपी पर बड़ा बयान, गहलोत सरकार पर साधा निशाना
एनसीआई@भरतपुर
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह एक दिवसीय दौरे पर भरतपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (Eastern Rajasthan Canal Project) डबल इंजन की सरकार होने पर पूरी होगी। महामंत्री अरुण सिंह आज बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सत्र को सम्बोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता भी की।
उल्लेखनीय है कि ईआरसीपी पर कांग्रेस और केन्द्र सरकार के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भरतपुर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज चेतावनी दी कि ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं मिलने पर 13 जिलों से बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
गहलोत के भरतपुर दौरे पर निशाना साधा
अरुण सिंह ने गहलोत के भरतपुर दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री गहलोत खनन माफियाओं के खिलाफ कुछ बोलेंगे, लेकिन दुःख की बात है कि संत विजयदास को दो शब्द बोलकर श्रद्धांजलि भी नहीं दी। पुष्कर में खेल मंत्री अशोक चांदना के ऊपर जूते फेंके जाने की आड़ में राष्ट्रीय महामंत्री ने निशाना साधा।उन्होंने कहा कि सभी को दिखाई दे रहा है कि जनता कांग्रेस सरकार से नाराज है। यही कारण है कि एक मंत्री पर जनता ने जूते फेंके।
अभी जूते ही फेंके जा रहे हैं, जल्द निकलना होगा दूभर
अरुण सिंह ने आगे कहा कि सरकार से जनता इतनी नाराज है कि अभी तो जूते ही फेंके जा रहे हैं। आने वाले समय में जनता उनका घर से निकलना दूभर कर देगी। महामंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौवंश की लगातार मौत हो रही है। लम्पी की बीमारी पूरे प्रदेश में फैल रही है। प्रदेश सरकार लम्पी वायरस डिजीज से लड़ने में अक्षम रही है। प्रदेश सरकार ने खजाने से एक भी पैसा लम्पी बीमारी को रोकने पर खर्च नहीं किया। प्रदेश की सरकार सारा दोषारोपण केन्द्र पर डालने का काम करती है। ऐसा प्रतीत होता है कि अशोक गहलोत की सरकार गौमाता की विरोधी है। गौमाता को बचाने का सरकार प्रयास नहीं कर रही है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री आगे बोले कि, अशोक गहलोत के मन में किसी भी प्रकार की संवेदना नहीं है कि गौवंश को बचाएं। राजस्थान की कांग्रेस सरकार में भरतपुर के चार विधायक मंत्री हैं, लेकिन भरतपुर की सड़क में गड्ढे या गड्डों में सड़क, पता ही नहीं चलता। अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि विकास के काम ठप पड़े हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री भरतपुर के हैं। सभी मंत्री नकारा हो गए हैं। कोई काम नहीं करना चाहता है। महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार दो राज्यों में रह गई है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान, इन दोनों राज्यों से भी सूफड़ा साफ हो जाएगा।
