December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

‘कॉफी विद कलक्टर’ अभियान में अब बूंदी जिला कलक्टर ने ‘बेहतरीन बूंदी’ को लेकर सरपंचों से किया संवाद

‘कॉफी विद कलक्टर’ अभियान में अब बूंदी जिला कलक्टर ने ‘बेहतरीन बूंदी’ को लेकर सरपंचों से किया संवाद

एनसीआई@बूंदी

‘कॉफी विद कलक्टर’ कार्यक्रम में शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने ‘बेहतरीन बूंदी’ अभियान के तहत ओडीएफ प्लस पंचायतों के सरपंचों से संवाद किया। उन्होंने ओडीएफ प्लस पंचायतों में करवाए जा रहे अच्छे कार्यों का फीडबेक लिया। साथ ही सरपंचों से इस दौरान उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान का आश्वासन दिया।

जिला कलक्टर ने कहा कि बूंदी जिला वर्तमान में स्वच्छता के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रहा है। इसके लिए मिलजुल कर कार्य करने से ही कामयाबी मिलेगी। उन्होंने कहा कि ओडीएफ प्लस गांवों में कचरा निस्तारण के लिए कचरा संग्रहण केन्द्र के प्रस्ताव भिजवाए जाएं। इसके अलावा अतिक्रमणों को समझाइश कर हटवाने के प्रयास किए जाएं, ताकि दुबारा अतिक्रमण नहीं हों। जिला कलक्टर ने बताया कि इसके लिए शीघ्र ही विद्यालयों में जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।

‘चिरंजीवी जिला’ बनाने के सभी जुटें

कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने कहा कि वर्तमान में चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकरण से शेष रहे परिवारों का योजना में पंजीकरण करने के लिए चिरंजीवी चौपाल लगाई जा रही है। सरपंच स्वयं ऐसे परिवारों की समझाइश करें, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि हम सभी का यह प्रयास हो कि आगामी 2 अक्टूबर को शत-प्रतिशत परिवारों का पंजीकरण करवाकर जिले को ‘चिरंजीवी जिला’ बनाएं।

इस दौरान जिला कलक्टर ने ओडीएफ प्लस पंचायत में करवाए जा रहे तरल कचरा प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरा संग्रहण के लिए वाहन, कचरा संग्रहण केन्द्र, कचरा पात्र, सोख्ता गड्ढे, शौचालय तकनीक सुधार, व्यक्ति शौचालय निर्माण आदि बिन्दुओं पर चर्चा कर सरपंचों के सुझाव लिए।

जिला स्वच्छता अवार्ड-2022

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत ‘बेहतरीन बून्दी अभियान’ के तहत सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय, संस्थाओं, ग्राम पंचायत, विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक स्मारक स्थल, पटवार घर, अन्य सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं को जिला स्वच्छता अवार्ड-2022 प्रदान किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि ये अवार्ड कार्यालयों, संस्थाओं व व्यक्तिगत स्तर पर प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत समिति से ग्राम पंचायतों को भी अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना समन्वयक निजामुद्दीन सहित ओडीएफ प्लस ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.