love jehad: झारखंड के आफताब ने खुद को पुष्पेन्द्र बता यूपी में की शादी, 3 साल बाद खुला राज, पीड़िता बच्ची के साथ दर-दर भटकने को मजबूर
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
झारखंड के गढ़वा जिले से लव जेहाद (love jehad) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के मेराल गांव के एक मुस्लिम युवक आफताब अंसारी ने अपना धर्म छुपाकर हिन्दू युवती को प्यार के जाल में फंसाया, उससे शादी की। शादी के तीन साल बाद राज खुला तो वह लड़की को छोड़कर फरार हो गया।
दवा की दुकान चलाता था आरोपी
पीड़ित पूजा सिंह के मुताबिक वह सोनभद्र जिले के चोपन में गुरमा गांव की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया कि मेराल के आफताब अंसारी ने उसके गांव में दवा की दुकान खोली थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई। उस समय युवक ने अपना नाम पुष्पेन्द्र सिंह बताया था। दोनों ने 2018 में शादी कर ली। शादी के बाद आफताब उसे मिर्जापुर में किराए का मकान लेकर रहने लगा।
दूसरे समुदाय का होने से इनकार करता रहा अफताब
2021 में पूजा ने बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद घर में किसी की मौत की बात कह कर अफताब उसे अपने गांव ले गया। वहां मृतक के अंतिम संस्कार की रस्म देखकर उसे आफताब के मुस्लिम होने का पता चल गया, मगर इसके बावजूद भी वह इससे इनकार करता रहा। इससे पूजा असमंजस में रही।
गांव में हुई पंचायत
घर लौटने के बाद पूजा का अफताब से धर्म छिपाने की बात पर झगड़ा होना शुरू हो गया। इसके बाद मुहर्रम में जब वह घर गया तब तो पूजा को पूरी तरह विश्वास हो गया कि उसके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद पूजा के गांव में इस मामले में पंचायत हुई। इसमें युवक को लड़की को साथ रखने का फैसला सुनाया गया था। फिर आफताब उसे मिर्जापुर लेकर आ गया। इसके बाद दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती। एक दिन आफताब ने पूजा से मारपीट की और भाग गया। उसके एक हफ्ते तक घर नहीं लौटने पर वह शुक्रवार, 9 सितम्बर को अफताब के घर गढ़वा के मेराल गांव आ गई, रातभर वहीं रही।
सास ने धक्का देकर निकाल दिया
पूजा के मुताबिक शनिवार,10 सितम्बर को आफताब की मां ने उसे घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया। तब पूजा मेराल थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। यहां से उसे यूपी के सम्बन्धित थाने में केस दर्ज कराने की सलाह दी गई। तब से वह दरबदर भटक रही है।
