December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

मारपीट में घायल आप नेता ने सर्जिकल वार्ड में मनाया जन्मदिन, खूब भांगड़ा किया, मरीज हुए परेशान

मारपीट में घायल आप नेता ने सर्जिकल वार्ड में मनाया जन्मदिन, खूब भांगड़ा किया, मरीज हुए परेशान

एनसीआई@तरनतारन (पंजाब)

दिवाली की रात जिले के गांव पलासौर में आम आदमी पार्टी के युवा नेता अर्जन सिंह को मारपीट में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अर्जन सिंह ने अस्पताल में ही दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन धूमधाम से मना डाला। इस दौरान दोस्तों के साथ जमकर भांगड़ा तक किया। इसके चलते सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज परेशान होते रहे।

गांव पलासौर निवासी आम आदमी पार्टी के युवा नेता अर्जन सिंह पर दिवाली की रात करीब नौ बजे कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर ही हमला कर दिया था। इस हमले में तेजधार हथियारों से अर्जन सिंह का एक हाथ और नाक पर गम्भीर चोटें आईं थीं।

सिविल अस्पताल की सर्जिकल वार्ड में दाखिल अर्जन सिंह ने गुरुवार की रात वार्ड में अपने दोस्तों को बुलाकर जन्मदिन मनाते हुए खूब जश्न मनाया। जन्मदिन पर केक काटने की रस्म से लेकर खान-पान का दौर भी चला। वार्ड में दाखिल मरीज सेवक सिंह, कुलजिंदर कौर, बलदीप सिंह व इनके परिजनों कृपाल सिंह, बलवीर सिंह, महिंदरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि जन्मदिन का जश्न मनाते समय दर्जन भर युवकों के पास हथियार भी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के एसएमओ को जानकारी भी दी गई, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि जन्मदिन से सम्बन्धित वीडियो शनिवार को वायरल भी हो गए।

अखिल भारतीय संघर्ष दल के जिला अध्यक्ष सरबजीत सिंह मुरादपुरा, पंजाब मानवधिकार संगठन मोर्चा के प्रदेश चेयरमैन महिंदर सिंह पालम व समाज सेवक मनदीप शर्मा ने इस मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

नहीं मिली कोई शिकायत : एसएमओ

एसएमओ डॉ. रमनदीप सिंह पड्डा का कहना है कि सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज द्वारा अपने दोस्तों को बुलाकर जन्म दिन मनाने की मुझे कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.