नकली देसी घी बनाने का कारखाना पकड़ा:सरस और कृष्णा ब्रांड के नाम का 549 किलो घी जब्त, सोयाबीन तेल और वनस्पति घी मिलाकर बनाते थे नकली देसी घी
एनसीआई@जयपुर
प्रशासन का मिलावटियाें के खिलाफ एक्शन जारी है। इस क्रम में सोमवार को सीएमएचओ जयपुर फर्स्ट के नेतृत्व में टीम ने अजमेर रोड धाबास पर एक बड़ी कार्रवाई की। जहां से ब्रांडेड कम्पनी के नाम के मिलावटी घी की बड़ी खेप पकड़ी है। सरस और कृष्णा ब्रांड के नाम से बनाए इस घी को मार्केट में सप्लाई के लिए गाड़ियों में लोड किया जा रहा था। उसी समय टीम ने छापा मारा और 549 किलो मिलावटी घी के साथ बनाने वाली सामाग्री जब्त की।

सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह फौजदार ने बताया कि हमें देर रात इनपुट मिला था कि धाबास पर मिलावटी घी बनाने का कारखाना चल रहा है। इस पर आज सुबह करीब 6 बजे हमारी टीम ने वहां जाकर सर्च किया तो एक रिहायशी मकान में यह कारखाना चलता पाया। साथ ही घी के काटर्न एक टेम्पो में लोड किए जा रहे थे। इन सभी काटर्न को हमने रुकवाया और वहां मौजूद माल की जांच की। इस दौरान हमारे साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर रतन सिंह गोदारा, नरेश कुमार के अलावा जयपुर डेयरी से राहुल मिश्रा और पुखराज भी मौजूद थे।
गोदाम से बरामद हुए टिन और काटर्न
डॉ. फौजदार ने बताया कि इस कारखाने में नकली देसी घी बनाने के साथ ही गोदाम भी था, जहां बड़ी संख्या में बने हुए घी का स्टॉक रखा था। इनके सेम्पल लेकर मौके पर ही जांच की तो प्रथम दृष्टया मिलावटी मिला। मौके से ब्रांडेड घी कम्पनियों के पैकेट भी मिले। इसके अलावा बनाने की सामाग्री भी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि मौके से बना हुआ 549 किलो नकली घी बरामद किया गया है। इसमें सरस ब्रांड का आधा लीटर घी एवं कृष्णा ब्रांड के 1 लीटर के 160 पैकेट, आधा लीटर के 110 पैकेट, 1 लीटर के 234 पैकेट और 1 टीन 15 किलोग्राम शामिल है। जांच के बाद टीम ने करणी विहार थाने को कारखाना संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने के लिखित में पत्र दिया है। इसके साथ ही इस मामले में कारखाना संचालक योगेन्द्र कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया है।

सोयाबीन तेल, वनस्पति घी मिलाकर बनाते थे देसी घी
जांच में पाया गया कि मौके पर उत्पादक घी बनाने के लिए सोयाबीन तेल, वनस्पति घी और फ्लेवर का इस्तेमाल करते थे। सोयाबीन तेल और वनस्पति घी को मिलाने के बाद उसमें फ्लेवर मिलाया जाता था, ताकि उसमें असली घी के जैसी खुशबू आए। टीम ने मौके से घी बनाने में उपयोग लिए जाने वाले उत्पाद 3 टिन सोयाबीन तेल, 1 टिन वनस्पति घी और फ्लेवर की एक 5 लीटर की बोतल बरामद की। इसके अलावा मौके से गैस भट्टी, स्टील की टंकी, पैकिंग मशीन, खाली थैलियां और रेपर का सामान भी जब्त किया है।

