December 9, 2025

News Chakra India

Never Compromise

दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग, तीन बच्चों व दो महिलाओं की मौत, 67 झुलसे, मचा कोहराम, मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग, तीन बच्चों व दो महिलाओं की मौत, 67 झुलसे, मचा कोहराम, मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

एनसीआई@भदोही (उत्तर प्रदेश)

उत्तर प्रदेश के भदोही के औराई कोतवाली से कुछ दूर नरथुआं स्थित एकता दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार रात करीब 8 बजे आरती के समय भीषण आग लग गई। इस हादसे में 67 लोग झुलस गए। वहीं अब तक तीन बच्चों व दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। भदोही डीएम गौरांग राठी ने इसकी पुष्टि की है। झुलसने वालों में भी महिलाएं और बच्चे ज्यादा हैं। वाराणसी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करीब 20 लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों में अंकुश सोनी (12), जया देवी (45), आरती चौबे (48), हर्ष वर्धन (8) और नवीन (10 ) शामिल हैं।

रविवार शाम हादसे की सूचना मिलते ही डीएम,एसपी, अन्य अधिकारी और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। डीएम गौरांग राठी और एसपी डॉ. अनिल कुमार मौके पर बचाव कार्य की निगरानी करते और जरूरी निर्देश देते रहे। बाद में एडीजी जोन रामकुमार और विंध्याचल कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र भी पहुंचे। डीएम के मुताबिक, आशंका है कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। दमकल टीम ने एक घंटे में आग पर काबू पाया।

भदोही। झुलसे लोगों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

पंडाल में चल रहा था डिजिटल शो

औराई-भदोही मार्ग पर नरथुआं स्थित एकता क्लब का पंडाल काफी आकर्षक होने से यहां नवरात्र में भीड़ जुटती है। रविवार रात करीब 8 बजे 150 से अधिक लोग इस पंडाल में मौजूद थे। लोग आरती में शामिल होकर जयकारा लगा रहे थे। पंडाल में डिजिटल शो भी चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। जिसे देख वहां भगदड़ मच गई। देखते ही देखते पूरा पंडाल धूं-धूं कर जलने लगा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसे जिधर रास्ता मिला भागने लगा।

मुख्यमंत्री योगी ने ली हादसे की जानकारी

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 52 एम्बुलेंस लगाई गईं। सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने झुलसने वालों की संख्या 67 बताई है। मृतक अंकुश सोनी गांव जेठूपुर औराई का रहने वाला है। अंकुश की मौत भदोही में जबकि चार की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला कलक्टर से हादसे की जानकारी ली। साथ ही झुलसे लोगों के बेहतर इलाज का प्रबंध करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए। एडीजी जोन रामकुमार ने कहा कि हादसे की जांच के लिए पुलिस प्रशासन और फोरेंसिक एक्सपर्ट की संयुक्त टीम गठित की जा रही है।

घटना के कारण और लापरवाही के आरोपों की जांच की जाएगी। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच के लिए एडीजी राम कुमार ने चार सदस्य एसआईटी गठित कर दी है। इसमें अपर जिलाधिकारी(वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक, एक्सईएन हाईडिल और फायर सेफ्टी ऑफिसर शामिल हैं।

बच्चों और महिलाओं के जले चेहरे बता रहे थे हादसे की भयावहता

भदोही। अपनों का हाल जानने के लिए अस्पताल में जुटी भीड़।

औराई के दुर्गा पूजा पंडाल की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। शाम करीब आठ बजे आग लगी तो किसी को कुछ समझ में नहीं आया। करीब 20 मिनट बाद दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर भदोही और ज्ञानुपर से भी दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। इधर झुलसे बच्चों और महिलाओं को अस्पताल ले जाने का सिलसिला शुरू हुआ। औराई के एम्बुलेंस कम पड़ने पर जिला और मंडल से एंबुलेंस मंगाई गई।

इसके बाद झुलसे लोगों को सीएचसी औराई, सूर्या ट्रामा सेंटर सहित अन्य निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। आग से झुलसे बच्चों की चीख सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद डीएम गौरांग राठी, एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित पुरा पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। शाम आठ बजे से रात 11 बजे तक अस्पतालों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

वाराणसी के अस्पतालों में आने के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर

भदोही: बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के बाहर तैनात फोर्स।

भदोही हादसे में झुलसे लोगों के इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल चिकित्सालय और कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में विशेष इमरजेंसी वार्ड और डॉक्टरों की टीम तैनात की गई। झुलसे लोगों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के द्वारा लंका से लगायत कबीरचौरा तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश और जिला कलक्टर कौशल राज शर्मा अधिकारियों के साथ बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

भीषण आग ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया

भदोही-औराई मार्ग पर स्थित दुर्गा पंडाल में भीषण आग ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। घटना में आयोजन समिति की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। पंडाल स्थल पर चलने वाले शो में प्रोजेक्टर के माध्यम से धार्मिक कार्यक्रम दिखाए जा रहे थे। गुफानुमा बने स्थल में आने-जाने का सिर्फ एक ही रास्ता है। आग लगने के बाद अंदर भगदड़ मच गई। इससे कई महिलाएं और बच्चे गिर गए। आग तेजी से फैली और उसके चपेट में सभी आ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.