‘हिन्दू धर्म के किसी भी देवी-देवता को नहीं मानूंगा’… शपथ पर घिरे केजरीवाल के मंत्री
एनसीआई@नई दिल्ली
हिंदू विरोधी AAP का पतन जल्द निश्चित है। pic.twitter.com/bVipf2hRII
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) October 7, 2022
दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम की उपस्थिति में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर विवाद काफी बढ़ गया है। इस कार्यक्रम में हिन्दू देवी-देवताओं को न मानने की शपथ दिलाई गई। बीजेपी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से राजेन्द्र गौतम को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

केजरीवाल सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम के ऐसी सभा में शामिल होने, जहां हिन्दू देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ दिलाई जा रही थी, का मामला तूल पकड़ गया है। बीजेपी इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी पर हमलावर है। वहीं विवाद बढ़ता देख केबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम की ओर से सफाई दी गई है। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल राजेन्द्र पाल गौतम से नाराज हैं। बीजेपी ने राजेन्द्र पाल गौतम को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।

यह है पूरा मामला
हिन्दू देवी-देवताओं को न मानने वाले वीडियो पर दिल्ली के मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम बीजेपी के निशाने पर हैं। बताया जा रहा है कि विजयादशमी के दिन दिल्ली के करोलबाग स्थित आम्बेडकर भवन में राजेन्द्र पाल गौतम की उपस्थिति में यह कार्यक्रम हुआ। वीडियो में बौद्ध संत लोगों को शपथ दिला रहे हैं। जिस वक्त यह शपथ दिलाई जा रही थी उस वक्त मंच पर राजेन्द्र पाल गौतम भी मौजूद थे। जो शपथ दिलाई गई उसमें… “मैं ब्रह्मा, विष्णु, महेश को कभी ईश्वर नहीं मानूंगा। और ना ही उनकी पूजा करूंगा। मैं राम और कृष्ण को ईश्वर नहीं मानूंगा और ना ही उनकी कभी पूजा करूंगा। मैं गौरी- गणपति आदि हिन्दू धर्म के किसी भी देवी देवताओं को नहीं मानूंगा और ना ही उनकी पूजा करूंगा।” कहा गया।

इस वीडियो को बीजेपी नेताओं की ओर से ट्वीट कर उन पर निशाना साधा गया है। विवाद बढ़ने के बाद मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम की ओर से सफाई भी पेश की गई कि, 1956 से आजतक देश और दुनिया में बौद्ध धर्म की दीक्षा ली जाती है। नागपुर में जहां बाबा साहेब ने दीक्षा ली थी, वहां हर साल कार्यक्रम आयोजित होता है। बाबा साहेब आम्बेडकर ने जब दीक्षा ली थी तो उन्होंने 22 प्रतिज्ञा ली थी। किसी की आस्था या धर्म को ठेस पहुंचाना मकसद नहीं है। भारत में दलितों के साथ उत्पीड़न बढ़ गया, इसलिए आज ये दीक्षा का चलन बढ़ गया है।
आलोचना के तीर
•वहीं, इस मसले पर दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि राजेन्द्र पाल गौतम ने हिन्दू धर्म के देवी-देवताओं का अपमान किया है। अरविन्द केजरीवाल को 24 घंटे के भीतर उन्हें बर्खास्त करना चाहिए।
•सांसद मनोज तिवारी ने कहा, अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि सब इंसान बराबर हैं और सभी जाति-धर्म के लोगों में आपसी भाईचारा होना चाहिए, लेकिन उनकी सरकार के मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम धर्मों को आपस में लड़ाने की साजिश कर रहे हैं। राजेन्द्र पाल गौतम को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए।
•बीजेपी नेता हरीश खुराना ने भी वीडियो ट्वीट कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। विश्व हिन्दू परिषद ने भी वीडियो के माध्यम से अपनी ऐसी ही प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वीएचपी प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के मंत्री स्वयं हिन्दू देवी-देवताओं के खिलाफ शपथ दिला रहे हैं।
