December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

जम्मू-कश्मीर डीजी जेल की हत्या का आरोपी यासिर अहमद गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर डीजी जेल की हत्या का आरोपी यासिर अहमद गिरफ्तार

एनसीआई@नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क

जम्मू-कश्मीर के डीजी (जेल) एचके लोहिया की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी नौकर यासिर अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जम्मू के कनाचक इलाके के एक खेत से गिरफ्तार किया गया है। वह वहां छिपा हुआ था। फिलहाल पुलिस यासिर अहमद से पूछताछ कर रही है। सोमवार देर रात जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित डीजी (जेल) एचके लोहिया के निवास स्थान पर उनकी हत्या कर दी गई थी।

6 महीने से लोहिया के घर पर कर रहा था‌ काम

घटना स्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी को भागते हुए भी देखा गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी यासीर 6 महीने से डीजी लोहिया के घर पर काम कर रहा था। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि उसका व्यवहार बेहद आक्रामक था। साथ ही वह डिप्रेशन में भी था। पुलिस की ओर से अभी तक किसी तरह के टेरर एंगल की बात नहीं कही गई है। वह विभिन्न एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।

Related News:-
जम्मू-कश्मीर के डीजी जेल की निर्मम तरीके से गला रेत कर हत्या, नौकर यासिर अहमद फरार, एक आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी, अमित शाह को चुनौती

हत्या के बाद शव जलाने की कोशिश

इससे पहले पुलिस ने आरोपी यासिर के बारे में सूचना देने के लिए फोन नम्बर भी जारी किया था। यासिर रामबन जिले के हल्ला-धंडरथ गांव का रहनेवाला है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) मुकेश सिंह ने बताया कि 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी लोहिया (52) शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास पर मृत मिले। उनका गला रेता गया था। उन्होंने कहा कि घटना स्थल की प्रारम्भिक जांच से संकेत मिलता है कि लोहिया ने अपने पैर में तेल लगाया होगा, जिनमें सूजन दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि हत्यारे ने लोहिया का गला काटने के लिए ‘केचप’ की टूटी हुई बोतल का इस्तेमाल किया और बाद में शव जलाने की भी कोशिश की। एडीजीपी ने कहा कि अधिकारी के आवास पर मौजूद चौकीदारों ने उनके कमरे के अंदर आग लगी हुई देखी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ना पड़ा।

पुलिस को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक डायरी मिली है। कहा जा रहा है यह डायरी यासिर ने लिखी है। इस डायरी से लग रहा है कि वो डिप्रेशन में है। डायरी में एक जगह डियर डेथ लिखा है तो एक पन्ने के सबसे ऊपर लिखा है I HATE MY LIFE यानि कि मुझे अपनी जिन्दगी से नफरत हो गई है। यासिर ने डायरी में यह भी लिखा है कि उसकी जिंदगी में 90 परसेंट टेंशन और 99 परसेंट दुख है। इस डायरी में उसने अपनी टेंशन के बारे में लिखा है तो कुछ पन्नों पर हिन्दी में शेरो शायरी भी लिखी है।

आतंकी समूह PAFF का दावा-विशेष दस्ते ने दिया वारदात को अंजाम

उधऱ, आतंकवादी समूह ‘PAFF’ ने दावा किया है कि उसके ‘विशेष दस्ते’ ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पीएएफएफ ने एक ऑनलाइन बयान में कहा, “यह इस हिन्दुत्व शासन और उसका समर्थन करने वालों को चेतावनी देने के लिए इस तरह के सनसनीखेज अभियान की शुरुआत है। हम कभी भी और कहीं भी सटीक हमला कर सकते हैं। यह सुरक्षा व्यवस्था के साथ दौरे पर आए उनके गृह मंत्री के लिए एक छोटा सा तोहफा है। ईश्वर ने चाहा तो हम भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.