हाड़ोती का सतरंगी पर्व ‘बूंदी उत्सव’ बस कुछ घंटे बाद होने वाला है शुरू, तीन दिन तक होंगे रंगारंग आयोजन
एनसीआई@बूंदी
हाड़ोती के सतरंगी पर्यटन पर्व ‘बूंदी महोत्सव’ का आगाज शुक्रवार को गढ़़ पैलेस में सुबह साढ़े आठ बजे गणेश पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ होगा। बूंदी महोत्सव के तहत 11 से 13 नवम्बर तक लोक संस्कृति के रंग जिलेभर में बिखरेंगे। इस दौरान जिलेभर में विविध रंगारंग मनोहारी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव के कार्यक्रमों की शृंखला में पहले दिन 11 नवम्बर को सुबह 9 बजे गढ़ पैलेस से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव में इस बार शोभायात्रा मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगी। यह शोभायात्रा खेल संकुल पर सम्पन्न होगी। यहां पर सुबह 11 बजे से विविध परम्परागत प्रतियोगिताएं होंगी। इसके तहत रस्सा कसी, मूंछ, साफा बांधना, पणिहारी दौड़ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 4.30 बजे नवलसागर झील किनारे पुलिस बैण्ड वादन होगा। तत्पश्चात शाम साढे़ पांच बजे नवलसागर झील में दीपदान कार्यक्रम भी होगा।
कार्यक्रमों की शृंखला में सायं 7 बजे ऐतिहासिक 84 खम्भों की छतरी पर बूंदी के स्थानीय लोक कलाकारों की ओर से नाट्य मंचन किया जाएगा। रात 8 बजे भी 84 खम्भों की छतरी पर लोक कलाकारों द्वारा ‘मन मोहक’ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके आतिशबाजी के भव्य नजारे देखने को मिलेंगे।
बूंदी महोत्सव के दूसरे दिन 12 नवम्बर को भी लोकानुरंजन कार्यक्रमों का दौर जारी रहेगा। इसके तहत दोपहर 1 बजे सुखमहल में ‘मान मनुहार’ कार्यक्रम होगा। इसमें देशी विदेशी पावणों की देसी पकवानों से मान मनुहार की जाएगी। कार्यक्रमों की शृंखला में अपराह्न 3 बजे कुम्भा स्टेडियम प्रांगण में उद्योग एवं हस्तशिल्प मेल का उद्घाटन होगा। 84 खम्भों की छतरी पर 7.30 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सवाई भाट, उर्वशी अरोडा एवं हिरेन त्रिवेद्वी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम की समाप्ति पर आतिशबाजी भी होगी।
महोत्सव के तीसरे दिन 13 नवम्बर को सुबह 10 बजे पर्यटक कार्यालय से सर्किट हाउस से ठीकरदा गांव तक विलेज सफारी का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशी-विदेशी पर्यटकों को गांव की लोक संस्कृति और कला से रूबरू करवाया जाएगा। सुबह 10 बजे ही बूंदी के बायपास पर ’केनवास एट बूंदी बाईपास’ का आयोजन होगा। शाम साढ़े सात बजे कुम्भा स्टेडियम में ’बूंदी टेलेंट शो’ का आयोजन भी होगा।
बूंदी महोत्सव के तहत जिले के उपखंड मुख्यालयों सहित अन्य स्थानों पर उत्सवी रंग देखने को मिलेंगे। बूंदी महोत्सव की पूर्व संध्या पर 10 नवम्बर को शाम 5 बजे रॉक पेटिंग साइट गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। महोत्सव के तहत 11 नवम्बर को इन्द्रगढ़, 12 नवम्बर को लाखेरी एवं नैनवां तथा 13 नवंबर को हिंडोली में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दिन केशवरायपाटन में रोनु मजूमदार द्वारा बांसुरी वादन प्रस्तुत किया जाएगा।
