वरिष्ठ पत्रकार रजत खन्ना का नेत्रदान के बाद अंतिम संस्कार हुआ, रात को हो गया था निधन, न्यूज चक्र इंडिया डॉट कॉम की श्रद्धांजलि
एनसीआई@कोटा
वरिष्ठ पत्रकार रजत खन्ना (56) का आज शनिवार दोपहर दाह संस्कार कर दिया गया। इससे पूर्व उनकी नेत्रदान की इच्छा के मुताबिक एक्सपर्ट्स की टीम ने उनके नेत्र भी निकाले। कल शुक्रवार रात हार्ट अटैक के बाद परिजन उन्हें श्रीजी हॉस्पिटल लेकर गए, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।
खन्ना रात को खाना खाने के बाद सोए थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। कई वर्षों से स्थानीय केबल टीवी न्यूज़ चैनल एसटीएन में सम्पादक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके परिवार में मां व पत्नी के अलावा एक पुत्री व एक पुत्र तथा भाई-भाभी भी हैं।
रजत खन्ना ने दैनिक भास्कर व राजस्थान पत्रिका के अलावा कोटा ब्यूरो, जननायक व पंजाब केसरी समाचार पत्रों के लिए भी काम किया।
पत्रकारों में शोक की लहर
अपनी सटीक लेखनी के लिए पहचान जाने वाले रजत खन्ना हंसमुख और साथियों में लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। रात को जैसे ही यह खबर मिली कई पत्रकार अस्पताल पहुंच गए और उनके परिजनों को सांत्वना दी। newschakraindia.com के एडिटर इन चीफ राजीव सक्सेना की ओर से भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि।
