अतिरिक्त विकास अधिकारी बूंदी की बस स्टेंड पर जेब काटने वाले गिरफ्तार, निकले शातिर बदमाश
एनसीआई@बूंदी
सिटी कोतवाली पुलिस ने बूंदी पंचायत समिति के अतिरिक्त विकास अधिकारी की जेब से बस में चढ़ते हुए पर्स निकाल लेने के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में ये काफी शातिर बदमाश निकले। इनमें से एक पर विभिन्न थानों में चोरी व जेबकट जैसे 37 तो दूसरे पर 8 केस दर्ज हैं।
कोतवाली थाना अधिकारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि अतिरिक्त विकास अधिकारी सुरेश चन्द वर्मा ने 20 दिसम्बर को सिटी कोतवाली में एक रिपोर्ट दी थी। इसमें उन्होंने कहा था कि वह 19 दिसम्बर को शाम साढ़े छह बजे बूंदी बस स्टेंड से कोटा जा रहे थे। तब बस में चढ़ते समय दो लड़कों ने उनकी पेंट की पीछे की जेब में रखे हुए पर्स को निकाल लिया। इस बात का पता चलते ही उन्होंने आरोपियों का पीछा किया, मगर वे काले रंग की अल्टो कार से भाग गए। पर्स में क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, पहचान पत्र आदि थे।

पुलिस ने यह रिपोर्ट आईपीसी की धारा 379 में दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। इसमें 34 वर्षीय मुरली मनोहर पुत्र किशन मीणा निवासी गोरिया खेड़ा, थाना अकलेरा, जिला झालावाड़ व 40 वर्षीय रियाज पुत्र अब्दुल वहीद निवासी कोलीवाड़ा श्रीपुरा, थाना केथूनीपोल, कोटा को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ में एक काले रंग की अल्टो कार व कुछ रुपए भी बरामद किए। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे आगे पूछताछ में और भी कई बड़ी वारदातों के राज खुल सकते हैं।
