April 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बाबा खाटू श्याम का विख्यात लक्खी मेला शुरू, 4 मार्च तक चलेगा, देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, मंत्री खाचरियावास ने भी किए दर्शन

बाबा खाटू श्याम का विख्यात लक्खी मेला शुरू, 4 मार्च तक चलेगा, देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, मंत्री खाचरियावास ने भी किए दर्शन

एनसीआई@सीकर

विख्यात बाबा खाटूश्याम का लक्खी मेला आज से शुरू हो गया है। बाबा का तिलक और शृंगार होने के बाद मंगलवार शाम 5 बजे से मंदिर को भक्तों के दर्शनों के लिए खोल दिया गया था। विभिन्न राज्यों से आए भक्तों के लिए 24 घंटे बाबा का दरबार खुला रहेगा। 4 मार्च तक भरने वाले मेले में 200 से ज्यादा घंटे तक भक्त लगातार अपने आराध्य के दर्शन कर सकेंगे।

मेले के पहले दिन बुधवार सुबह भक्तों ने बाबा की झांकी के दर्शन किए। दोपहर करीब 2 बजे केबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास भी बाबा के दर्शन करने पहुंचे।

इस बार खाटू कस्बे और मंदिर परिसर में हुए बदलावों के बाद भक्तों को 7 सेकंड तक बाबा के दर्शन करने को मिल रहे हैं। भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए पहली बार घुड़सवार पुलिस भी तैनात की गई है। राजस्थान पुलिस के 15 घुड़सवार जवान मेले की निगरानी में लगे हुए हैं। एसपी करण शर्मा के मुताबिक घोड़ों पर सवार पुलिस के जवान ऊंचाई पर होने के चलते दूर तक नजर रख सकेंगे। ऐसे में जहां भी कोई समस्या होगी, तुरंत वहां व्यवस्था की जाएगी। मेले में इस बार भक्त शीशे में से ही बाबा के दर्शन करेंगे। बाबा और भक्तों के बीच एक शीशा लगाया गया है।

35 लाख से अधिक श्रद्धालु करेंगे दर्शन

हर बार खाटू मेले में करीब 30 से 35 लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। इस बार यह आंकड़ा बढ़ने की सम्भावना है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से खाटू कस्बे में 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें इमरजेंसी रिस्पांस टीम और एसडीआरएफ के जवान भी शामिल हैं। इसके अलावा पूरे मेले की 12 से ज्यादा ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जिससे यदि कहीं भीड़ का दबाव बढ़े तो उसे काबू में किया जा सके।

चैन स्नेचर पर रहेगी नजर

खाटू कस्बे में मेले के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए 320 सीसीटीवी केमरे लगाए गए हैं। इनकी लाइव फीड मेला मजिस्ट्रेट कार्यालय, मंदिर कमेटी ऑफिस, अभय कमांड सेंटर और कंट्रोल रूम से जोड़ी गई है। इन चारों जगह से मेले की एक-एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा चैन स्नेचिंग जैसी वारदातों को रोकने के लिए सादा वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं।

बाबा के भक्त देशभर में हैं। मेले में अलग-अलग राज्यों से भक्त आते है। अपने-अपने तरीके से बाबा के प्रति अपनी आस्था को प्रकट करते हैं। ऐसे ही एक कलाकार ने रींगस रोड पर बाबा की मनमोहक तस्वीर बनाई है।

भक्त बाबा श्याम को चढ़ा रहे प्रसाद

कोरोना के बाद खाटू श्याम मंदिर में प्रसाद चढ़ाने पर रोक लगा दी गई थी। हाल में मंदिर कमेटी ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाना वापस शुरू कर दिया है। मंदिर परिसर में 30 पॉइंट्स पर भक्त भगवान को प्रसाद चढ़ा रहे हैं। हालांकि दर्शनों के लिए लाइन में लगे किसी भी भक्त को रुकने नहीं दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.