April 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गुलाब चंद कटारिया ने सम्भाली असम के राज्यपाल की जिम्मेदारी, पद और गोपनीयता की ली शपथ

गुलाब चंद कटारिया ने सम्भाली असम के राज्यपाल की जिम्मेदारी, पद और गोपनीयता की ली शपथ

एनसीआई@गुवाहाटी

असम के नवनियुक्त राज्यपाल के तौर पर राजस्थान के दिग्गज भाजपा नेता रहे गुलाब चंद कटारिया ने आज जिम्मेदारी सम्भाल ली है। राजधानी गुवाहाटी स्थित राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें मुख्य न्यायाधीश एन.कोटेश्वर सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा, राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेता, कटारिया के परिवारजन व परिचित भी विशेष आमंत्रण पर मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण होने के बाद समारोह में मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने कटारिया को बधाई दी। गौरतलब है कि कटारिया ने असम राज्य के 31वें राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी सम्भाली है। निवर्तमान राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी के राज्यपाल पद पर कार्यकाल पूरा होने के चलते कटारिया को यह जिम्मेदारी दी गई है।

शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा से बातचीत करते हुए।
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा से बातचीत करते हुए।

इधर, राज्यपाल पद पर शपथ ग्रहण से पहले गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचने पर गुलाब चंद कटारिया को ‘रेड कार्पेट’ वेलकम दिया गया। असम राज्य के प्रमुख राजनेता, नौकरशाह, सेना और पुलिस के आला अफसरों ने उनकी गर्मजोशी से आगवानी की।

राजभवन में भी हुआ स्वागत

एयरपोर्ट से राजभवन पहुंचने के बाद भी नवनियुक्त राज्यपाल कटारिया और उनकी पत्नी के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए पारम्परिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान राजभवन के अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने भी राजभवन पहुंचकर कटारिया से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.