April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस को बड़ा झटका: पार्टी के दिग्गज नेता के बेटे भाजपा में शामिल, अपने एक ट्वीट से बन गए थे कांग्रेस के विलेन

कांग्रेस को बड़ा झटका: पार्टी के दिग्गज नेता के बेटे भाजपा में  शामिल, अपने एक ट्वीट से बन गए थे कांग्रेस के विलेन

एनसीआई@नई दिल्ली

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने जनवरी में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। दरअसल पीएम मोदी और गुजरात दंगों पर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री का उन्होंने विरोध किया था। यह कांग्रेस पार्टी की लाइन से अलग स्टेटमेंट था। इस पर अनिल एंटनी का कांग्रेस में विरोध शुरू हो गया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

यह बोले अनिल एंटनी

अनिल एंटनी बोले, कांग्रेस में कई लोग सोचते हैं कि उनका धर्म एक परिवार के लिए काम करना है, लेकिन मेरा धर्म ऐसा नहीं है। मेरा धर्म इस देश के लिए काम करना है। मेरा मानना ​​है कि पीएम के नेतृत्व में हमारे पास अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित देश बनाने का विजन है। साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम के राष्ट्र निर्माण के विजन में योगदान देना मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है।

यह है पूरा मामला

उल्लेखनीय है कि जनवरी महीने में ही अनिल एंटनी अपने एक ट्वीट के चलते कांग्रेस के लिए विलेन बन गए थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। अनिल एंटनी ने पार्टी से इस्तीफा देते वक्त कहा था कि मुझ पर एक ट्वीट को डिलीट करने के लिए असहिष्णुता के साथ दबाव बनाया जा रहा था। ऐसा वे लोग कर रहे थे जो फ्रीडम ऑफ स्पीच के लिए खड़े होने की बात करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैंने ट्वीट डिलीट करने से मना कर दिया। इसके साथ ही अनिल ने इस्तीफे का पत्र भी ट्वीट किया था।

BBC डॉक्यूमेंट्री पर अपनाया कांग्रेस से अलग रवैया

दरअसल केरल कांग्रेस की अलग-अलग शाखाओं ने बीबीसी की बैन डॉक्यूमेंट्री को दिखाने का ऐलान किया था। उस वक्त अनिल एंटनी इस मुद्दे पर पार्टी लाइन से सहमत नहीं हुए और उन्होंने BBC की डॉक्यूमेंट्री का विरोध किया था। इसे लेकर केरल कांग्रेस में ही घमासान मच गया था।

BBC पर साधा निशाना

अनिल ने ट्वीट कर कहा था कि बीबीसी यूके सरकार का प्रायोजित चैनल है और उसका इतिहास भारत को लेकर पूर्वाग्रह का रहा है। बीबीसी और ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ के विचारों को भारतीय संस्थानों के विचार से अधिक महत्व देना खतरनाक चलन है। अनिल एंटनी ने अपने ट्वीट में यह भी कहा था कि जैक स्ट्रॉ ने ही इराक युद्ध की योजना बनाई थी और अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन ने इराक पर हमला बोल दिया था।

एके एंटनी ने जताया अफसोस

अपने बेटे अनिल एंटोनी के बीजेपी में शामिल होने पर एके एंटोनी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा मैं अपने बेटे के इस फैसले से आहत हूं। मैं मरते दम तक कांग्रेस का साथ नहीं छोडूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.