April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन 13 अप्रेल से होगी शुरू, जानिए सप्ताह में कितने दिन चलेगी, कहां-कहां रुकेगी

राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन 13 अप्रेल से होगी शुरू, जानिए सप्ताह में कितने दिन चलेगी, कहां-कहां रुकेगी

एनसीआई@जयपुर

लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल जारी हो गया है। 13 अप्रेल से इस ट्रेन में आम लोग सफर कर पाएंगे। अजमेर से जयपुर होते हुए दिल्ली केंट तक जाने वाली यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। अजमेर से दिल्ली 5 घंटे और जयपुर से दिल्ली के लिए 4 घंटे का समय लगेगा। 12 अप्रेल को इसका वर्चुअल उद्घाटन पीएम नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली से करेंगे।

दिल्ली-जयपुर-अजमेर रूट पर प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन में कई आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं। गलती से कभी दो ट्रेन आमने-सामने आ जाएं तो ये अपने आप रुक जाएंगी।
दिल्ली-जयपुर-अजमेर रूट पर प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन में कई आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं। गलती से कभी दो ट्रेन आमने-सामने आ जाएं तो ये अपने आप रुक जाएंगी।

दिल्ली केंट तक जाएगी वंदे भारत

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी केप्टन शशि किरण ने बताया- 13 अप्रेल से गाड़ी 20977 अजमेर-दिल्ली केंट वंदे भारत सुपर फास्ट एक्सप्रेस अजमेर से सुबह 6.20 बजे रवाना होकर दिल्ली केंट 11.35 बजे पहुंचेगी। बीच में जयपुर, अलवर और गुड़गांव (गुरुग्राम) में ठहराव होगा। जयपुर में 5 मिनट, अजमेर-गुड़गांव में क्रमश: दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन अजमेर से चलकर जयपुर सुबह 7.50 बजे पहुंचेगी। 5 मिनट रुकने के बाद 7.55 बजे रवाना होकर अलवर 9.35 बजे पहुंचेगी। यहां 2 मिनट का ठहराव दिया गया है। 9.37 बजे यहां से चलकर गुड़गांव (गुरुग्राम) 11.15 बजे पहुंचेगी। यहां भी 2 मिनट का ठहराव दिया गया है। 11.17 बजे गुड़गांव से रवाना होकर दिल्ली कैंट 11.35 बजे पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 20978 दिल्ली केंट-अजमेर वंदे भारत सुपर फास्ट एक्सप्रेस शाम 6.40 बजे अजमेर के लिए रवाना होगी। गुड़गांव, अलवर होते हुए रात 10.05 बजे जयपुर पहुंचेगी। रात 10.10 बजे जयपुर से रवाना होकर रात 11.55 बजे यह ट्रेन अजमेर पहुंचेगी।

बुधवार को नहीं चलेगी

वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन ही चलेगी। हर बुधवार को इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। इस दिन ट्रेन का मेंटेनेंस होगा। गाड़ी में 12 एसी चेयरकार, 2 एसी एग्जीक्यूटिव चेयरकार और 2 ड्राइविंग कार सहित कुल 16 डिब्बे होंगे।

कल होगा उद्घाटन, पीएम दिखाएंगे हरी झंडी

वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 12 अप्रेल को सुबह 11 बजे जयपुर जंक्शन से होगा। इस ट्रेन को नई दिल्ली से प्रधानमंत्री वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। जयपुर से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद इस ट्रेन में सफर करेंगे। इस दौरान उनके साथ नॉर्थ-वेर्स्टन रेलवे के जीएम विजय शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

वंदे भारत ट्रेन में प्रेग्नेंट महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बाथरूम में कई सुविधाएं दी गई हैं।
वंदे भारत ट्रेन में प्रेग्नेंट महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बाथरूम में कई सुविधाएं दी गई हैं।

जयपुर का ही क्रू और चेकिंग स्टाफ होगा

वंदे भारत में क्रू (लोको पायलट/गार्ड) और चेकिंग स्टाफ जयपुर का ही होगा। इस सम्बन्ध में मंगलवार सुबह प्रिंसिपल सीसीएम अर्चना श्रीवास्तव की ट्रेड यूनियन के साथ अंतिम बैठक हुई। इसमें यूनियन के मंडल अध्यक्ष केएस अहलावत, मंडल मंत्री मुकेश चतुर्वेदी, जीएलओ अध्यक्ष सुभाष पारीक, सीटीआई रामनिवास चौधरी, यूपी आरकेएस के संगठन मंत्री समीर शर्मा और यूपी आरएमएस के मंडल अध्यक्ष सौरभ दीक्षित की मांग को मान लिया गया। इस पर जयपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अहलावत और चतुर्वेदी का आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्रशासन ने अजमेर मंडल के यूनियन के मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी को आश्वस्त किया कि अगली वंदे भारत ट्रेन अजमेर मंडल को ही मिलेगी।

मार्च में हुआ था 3 दिन ट्रायल रन

इस ट्रेन का मार्च में तीन दिन ट्रायल किया गया था। तब इस ट्रेन को अजमेर से नई दिल्ली के बीच करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से चलाया गया था। ट्रायल रन के दौरान ही ट्रेन में स्टाफ की तैनाती को लेकर अजमेर और जयपुर मंडल के कर्मचारियों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया था। दोनों ही मंडल के कर्मचारी संगठन अपने-अपने यहां से कर्मचारियों की टिकट चेकिंग और ऑपरेशन के लिए तैनाती चाहते थे।

दिल्ली-जयपुर-अजमेर रूट पर प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन में कई आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं। गलती से कभी दो ट्रेन आमने-सामने आ जाएंगी तो ये अपने आप रुक जाएगी।

अभी इन रूट्स पर चलती है वंदे भारत ट्रेन

वर्तमान में देश में 13 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। पहली ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच जनवरी 2019 में शुरू की गई थी। इसके बाद यह अत्याधुनिक ट्रेन नई दिल्ली-वैष्णो देवी, गांधीनगर-मुम्बई, दिल्ली-अंब अंदौरा (हिमाचल प्रदेश), चेन्नई-मैसूर, नागपुर-बिलासपुर, हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी, विशाखापट्टनम-सिकंदराबाद, मुम्बई-साईंनगर शिरडी, मुम्बई-सोलापुर और भोपाल-दिल्ली के बीच शुरू की गई। इसके अलावा पिछले सप्ताह से चेन्नई-कोयम्बटूर और सिकंदराबाद-तिरुपति के बीच भी ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.