वल्लभाचार्य जी की जयंती के अवसर पर 16 अप्रेल को बूंदी में होगा यह आयोजन
एनसीआई@बूंदी
अंतरराष्ट्रीय पुष्टिमार्ग वल्लभ सम्प्रदाय के संस्थापक वल्लभाचार्य जी की जयंती के अवसर पर 16 अप्रेल यहां प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी सुबह 6.30 बजे गोपाल लाल जी के मंदिर से रवाना होगी।
श्री वल्लभाचार्य जयंती महोत्सव आयोजन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक व राधा मूंदड़ा ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परम्पराओं के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय पुष्टि मार्ग वल्लभ सम्प्रदाय के संस्थापक गुरु श्रेष्ठ वल्लभाचार्य जी की जयंती के अवसर पर पुजारी पं. मधुसूदन शर्मा द्वारा बालचंद पाड़ा स्थित श्री गोपाल लाल जी की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान करा कर, शृंगार कर विधि विधान से सामूहिक आरती उतारी जाएगी।
इसके पश्चात फूलों से सुसज्जित बग्गी में वल्लभाचार्य जी की छवि को विराजमान किया जाएगा। तब सुबह साढ़े छह बजे गाजे-बाजे के साथ प्रभात फेरी रवाना होगी। इसकी तिलक चौक स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर पर पुजारी पं. ओम प्रकाश शर्मा द्वारा आरती उतारी जाएगी। प्रभात फेरी सदर बाजार कोटा रोड होती हुई रघुवीर भवन स्थित श्री सौभाग्य बिहारी जी के मंदिर पर पहुंचेगी। यहां आरती उतार कर प्रसाद वितरण व शरबत पिलाकर समापन किया जाएगा।
प्रभात फेरी में पूरे मार्ग में महिलाओं व श्रद्धालुओं के द्वारा वल्लभाचार्य जी एवं वल्लभ सम्प्रदाय से जुड़े भजन एवं गीत गाकर उनको रिझाया जाएगा। मार्ग में प्रभात फेरी का पुष्प माला व पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा।
