April 18, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा के इस कस्बे में फायरिंग के खिलाफ यह हुआ जनता का एक्शन, लिया बड़ा निर्णय

कोटा के इस कस्बे में  फायरिंग के खिलाफ यह हुआ जनता का एक्शन, लिया बड़ा निर्णय

एनसीआई@कोटा

कनवास में बुधवार को दिन दहाड़े हुई फायरिंग के आरोपियों की दूसरे दिन गुरुवार को भी गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में पूरा कस्बा बंद रहा। साथ ही निर्णय लिया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कनवास कस्बा बंद रखा जाएगा। वहीं, 15 अप्रेल, शनिवार को कोटा ग्रामीण के सभी कस्बे बंद रखे जाएंगे।

बंद के दौरान गुरुवार को व्यापार संघ, विश्व हिन्दू परिषद व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस अवसर पर बीजेपी के कोटा देहात जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने बताया कि 12 अप्रेल, बुधवार को दोपहर करीब दो बजे 2 बदमाशों ने कनवास कस्बे में फायरिंग की। इससे कस्बे में दहशत का माहौल पैदा हो गया। इसके बाद शाम को विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी व व्यापार संघ की बैठक हुई। इसमें फायरिंग की घटना के विरोध में गुरुवार सुबह से ही कनवास कस्बा पूरी तरह बंद रखे जाने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के तहत आज कस्बा बंद रहा।

सर्वसम्मति से यह लिया फैसला

इस दौरान दोपहर 12 बजे सभी लोग कर्णेश्वर मंदिर पर एकत्रित हुए। इन्होंने यहां से एसडीओ ऑफिस तक पैदल मार्च निकाला। यह पैदल मार्च एसडीओ ऑफिस पर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। यहां सभी लोगों ने एक मत से यह निर्णय लिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कनवास कस्बा पूरी तरह बंद रहेगा।

वहीं बीजेपी कोटा देहात जिलाध्यक्ष नागर ने घोषणा की कि अगर 24 घंटे में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाती है तो 15 अप्रेल को कोटा ग्रामीण के सभी कस्बे भारतीय जनता पार्टी के द्वारा बंद करवाए जाएंगे।

कांग्रेस राज में दबंगों के हौंसले बुलंद

पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने कहा कि कांग्रेस राज में दबंगों के हौंसले बुलंद हैं। कुछ लोग हफ्ता वसूल करने के लिए लोगों में दहशत पैदा करना चाहते हैं। पुलिस इन पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है। इससे असामाजिक तत्वों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं।

विश्व हिन्दू परिषद के हिमांशु आचार्य ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि एक समुदाय के लोगों के द्वारा जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियां की जा रही हैं। इसकी विश्व हिन्दू परिषद कड़ी निंदा करती है।

ये भी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपप्रधान ओमप्रकाश नागर, गौ रक्षा प्रमुख रविन्द्र कुमार, कनवास व्यापार संघ के अध्यक्ष हिमांशु सोनी, नरेन्द्र मोहन गौतम, पूर्व मंडल अध्यक्ष कौशल सोनी, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अश्विनी जांगिड़, नगर अध्यक्ष लोकेश सोनी, भाजपा के वरिष्ठ नेता त्रिलोक सैनी, पंचायत समिति सदस्य महावीर मेरोठा, दुर्गाशंकर सुमन, रिंकू शर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रमोद शर्मा, गोपाल सोनी, विष्णु मालव, श्याम सोनी, प्रदीप सोनी, हरिमोहन शर्मा, महेन्द्र शर्मा, चंद्रप्रकाश माहेश्वरी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.