कोटा: बीजेपी नेता पर फायरिंग कर मार देने की कोशिश करने के दोनों आरोपी गिरफ्तार
एनसीआई@कोटा
जिले के कनवास कस्बे में बुधवार को दिनदहाड़े बीच बाजार फायरिंग कर भागे बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने पहले बीजेपी नेता पर जानलेवा हमले की कोशिश की थी। इसके बाद बस स्टेंड पर हवाई फायर किया।
Related News:-
कोटा के इस कस्बे में फायरिंग के खिलाफ यह हुआ जनता का एक्शन, लिया बड़ा निर्णय
बताया जा रहा है कि बदमाश वारदात के बाद निकटवर्ती चेचट के जंगल की तरफ भाग गए थे। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को कनवास कस्बा बंद रखा था। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक बंद रखे जाने की घोषणा की थी। मगर दूसरे दिन ही पुलिस ने फायरिंग के दोनों आरोपी अतीक और शकील को पकड़ लिया।
इधर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े व्यापारियों ने आज शुक्रवार को भी कस्बा बंद रखने की घोषणा की थी। हिंदू संगठनों के साथ बैठकों का दौर चला। इसी बीच आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर व्यापारियों ने बाजार बंद का फैसला वापस ले लिया। एएसपी अरुण माच्या ने बताया कि दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
ये था मामला
घटना बुधवार लगभग 2 बजे के आसपास की है। भाजपा कनवास के पूर्व मंडल अध्यक्ष व व्यापारी कौशल सोनी अपने बाइक शोरूम पर बैठे हुए थे। उनके साथ भाई व बेटा भी मौजूद थे। इसी दौरान बदमाश अतीक और शकील बाइक पर सवार होकर आए। उन्होंने चलती बाइक से ही शोरूम पर फायर किया। गनीमत रही कि गोली शोरूम की दीवार से लगकर काउंटर पर जा लगी। इसके बाद दोनों बदमाश करीब 500 मीटर दूर स्थित बस स्टेंड की तरफ भागे। दहशत फैलाने के लिए उन्होंने बस स्टेंड पर भी बीच बाजार फायर कर दिया। फायरिंग की ये दोनों घटनाएं 10 से 15 मिनट के अंतराल में हुईं। इससे इलाके में दहशत फैल गई।
