April 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सुल्तानपुर में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए जगह फाइनल, इटावा में दो स्थान शॉर्टलिस्ट

सुल्तानपुर में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए जगह फाइनल, इटावा में दो स्थान शॉर्टलिस्ट

एनसीआई@कोटा

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से सुल्तानपुर और इटावा में स्वीकृत अन्तरराष्ट्रीय स्तर के इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य जल्द प्रारम्भ हो जाएगा। सुल्तानपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स झोटोली रोड पर बनाया जाएगा, जबकि इटावा में दो जगह शॉर्टलिस्ट की गई हैं। इनमें से एक को जल्द फाइनल कर लिया जाएगा।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का प्रयास है कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए उनके घर के निकट स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसके लिए उन्होंने केन्द्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय से संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी में इनडोर मल्टीपरपज स्पोर्ट्स हॉल बनाने के लिए कहा था। बिरला के निर्देशों के बाद कोटा में चार स्थानों पर इनडोर हॉल बनाने के लिए चिह्नित किया गया था।

इनमें से लाखेरी और रामगंजमंडी के इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो चुका है, जबकि सुल्तानपुर और इटावा में भूमि के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए सोमवार को सुल्तानपुर में निर्माण एजेंसी रूडसिको के अधिकारी अवधेश जोशी, जिला खेल अधिकारी अजीज पठान, पूर्व सरपंच सतपाल मान, पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि विनित शर्मा, प्रधान प्रतिनिधि मोनू सनाढ्य, सुमित खंडेलवाल, सहकारी समिति अध्यक्ष सुरेश शर्मा, पुरषोत्तम गुर्जर, प्रमोद शर्मा आदि ने, जबकि इटावा में पालिका चेयरमैन रजनी सोनी, भाजपा नेता रिंकू सोनी, पार्षद राकेश बैरवा, महावीर सुमन, कैलाश आर्य, गिरिराज मीणा व रामेश्वर सेन ने प्रस्तावित भूखंडों को देखा।

चर्चा के बाद सुल्तानपुर में झोटोली रोड स्थित भूखंड को उपयुक्त मानते हुए उसे चिह्नित कर लिया गया है। इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारम्भ कर दी जाएगी। वहीं, इटावा में कोटा बाईपास रोड और वार्ड 20, गुमानपुरा में दो भूखंड देखे गए। इनमें से एक को जल्द ही अंतिम रूप से चयनित कर लिया जाएगा।

भूतल पर खेले जा सकेंगे 7 प्रकार के खेल

इंडोर हॉल का निर्माण स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के मानकों के अनुरूप होगा। हॉल के ग्राउंड फ्लोर पर 40 गुणा 20 मीटर का हॉल होगा। इस हॉल में बेडमिंटन के चार तथा बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल तथा नेटबॉल के एक-एक कोर्ट में बांटा जाएगा। इसके अलावा टीटी, योग, ध्यान सहित अन्य खेलों के लिए भी प्रावधान किया जा सकेगा।

फिटनेस सेंटर-फर्स्ट एड भी मिलेगा

हॉल में ही फिटनेंस सेंटर भी बनाया जाएगा।वहां व्यायाम के लिए विभिन्न प्रकार के उपकरण होंगे। खेलने या व्यायाम करते समय चोटिल होने पर फर्स्ट एड की सुविधा भी रहेगी। हॉल में ही महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम्स भी बनाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.