बेसहारा पशुओं से घायल होते शहरवासियों के मुद्दे पर बूंदी नगर परिषद को जिला प्रशासन का सख्त निर्देश
एनसीआई@बूंदी
आमजन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चौधरी ने शहरी क्षेत्र बूंदी में आवारा पशु और नंदी वंश के द्वारा आमजनों को चोटिल व परेशान करने के मद्देनजर नगर परिषद आयुक्त को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

इस सम्बन्ध में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि शहरी क्षेत्र बूंदी में आवारा नंदी वंशों से आमजन की सुरक्षा के सम्बन्ध में की गई कार्रवाई से तीन दिन में अवगत कराएं। ऐसा नहीं करने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बूंदी शहर की सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमघट लगा रहता है। अक्सर इनकी आक्रामक हरकतों से राहगीर बुरी तरह घायल हो जाते हैं। सोमवार को भी यहां ऐसा हादसा हुआ। इसमें गम्भीर घायल हुए 40 वर्षीय युवक को कोटा रेफर करना पड़ा है। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया था।
