राजस्थान: कोरोना के इतने मिले मरीज और इतनी हुई मौतें….. सतर्क रहना जरूरी
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में कोरोना एक बार फिर डराने लगा है। पिछले 24 घंटे (सोमवार) में 197 नए केस सामने आए हैं। वहीं 3 मरीजों की मौत हो गई है। संक्रमण की दर 14.61 फीसदी, अर्थात खतरनाक स्तर के ऊपर पहुंच गई है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, 5 फीसदी दर खतरनाक होती है। इससे पहले रविवार को 165 केस मिले थे।
1348 सेम्पल की जांच
राज्य में सोमवार को 1348 सेम्पल की जांच की गई। 197 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिलेवार रिपोर्ट में सबसे ज्यादा 55 केस जयपुर में आए हैं। इसके अलावा राजसमंद में 35, झालावाड़ में 22, जोधपुर और उदयपुर में 16-16, अजमेर में 10, अलवर में 13, पाली में 8, बांसवाड़ा में 5, बूंदी और टोंक में 4-4, चित्तौड़गढ़ में 3, चूरू और सवाई माधोपुर में 2-2, गंगानगर और कोटा में 1-1 संक्रमित मिले हैं।
तेजी से फैलने वाला वेरिएंट
राजस्थान में अभी जो केस बढ़ रहे हैं, उसमें ज्यादातर मामले नया वेरिएंट XBB 1.16 के है, जो काफी तेजी से फैलता है। राहत की बात यह है कि इसकी चपेट में आने वाले ज्यादा मरीजों में केवल हल्के खांसी-बुखार, जुकाम के लक्षण दिख रहे हैं। खांसी के अलावा शरीर में थकान और कमजोरी भी महसूस हो रही है। इस संक्रमण से खुद ही तीन-चार दिन में ठीक हो रहे हैं।
इस महीने अब तक 694 मरीज
प्रदेश में अप्रेल के शुरुआती 10 दिन में कुल 891 मरीज मिले हैं। जिलेवार रिपोर्ट में सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज जयपुर में 227 हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में अच्छी इम्युनिटी होने के कारण लोग इस संक्रमण से ज्यादा प्रभावित नहीं हो रहे हैं। करीब 3 महीने पहले की गई सीरो सर्वे की रिपोर्ट में राजस्थान में 98 फीसदी लोगों में कोरोना से लड़ने की हर्ड इम्युनिटी मिली है।
जोधपुर के रेजीडेंसी ब्लॉक में सबसे ज्यादा 6 संक्रमित
जोधपुर में रविवार को सर्वाधिक 6 संक्रमित शहर के रेजीडेंसी ब्लॉक में मिले। प्रतापनगर में 2 और महामंदिर में 1 संक्रमित मिला। ग्रामीण ब्लॉक में ओसियां 1, फलोदी में 2 और बालेसर में 1 पॉजिटिव मिला। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना केस बढ़ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है।
अजमेर में हुई मॉकड्रिल
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के निर्देश पर सोमवार को अजमेर संभाग के सबसे बड़े जेएलएन, जनाना और सैटेलाइट हॉस्पिटल में मॉकड्रिल हुई। मॉकड्रिल में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल वीर बहादुर सिंह, जेएलएन अधीक्षक नीरज गुप्ता की ओर से विभिन्न विभागों से व्यवस्थाओं को लेकर रिपोर्ट मांगी गई। जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर वीर बहादुर सिंह ने कहा कि कोविड-19 को लेकर हॉस्पिटल में तैयारियां की गई हैं। वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, सिलेंडर सहित सभी उपकरण वर्किंग कंडीशन में हैं। वर्तमान में जांच बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
