केरल के 111 मरीजों सहित देश में एक ही दिन में कोरोना के 127 केस दर्ज
एनसीआई@नई दिल्ली
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 127 नए केस दर्ज हुए। इनमें अकेले केरल के ही 111 मामले शामिल हैं। इसके साथ ही देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,828 हो गई है। इनमें से 1,634 मामले केरल में दर्ज हुए हैं। केरल में कल कोरोना से 1 मरीज की मौत भी हुई।
उल्लेखनीय है कि केरल में हाल ही में कोरोना वायरस के नए सब-वेरिएंट जेएन.1 का पता चला था। तीन साल पहले वायरस फैलने के बाद से अब तक राज्य में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 72,053 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4.46 करोड़ (4,44,69,931) हो गई है। कोविड से नेशनल रिकवरी रेट 98.81 प्रतिशत है।
अभी तक देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत
देश में साल 2020 की शुरुआत में कोविड-19 के आउटब्रेक के बाद से अब तक 5,33,317 लोगों की मौत हो चुकी है और मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक कोविड-19 वैक्सीन की 220.67 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। केरल की एक 79 वर्षीय महिला में COVID-19 के सब-वेरिएंट JN.1 का एक मामला पाया गया था।
आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने बताया कि यह मामला 8 दिसम्बर को इस दक्षिणी राज्य के तिरुवनंतपुरम जिले के काराकुलम से आरटी-पीसीआर सेम्पल में पाया गया था। महिला में इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (ILI) के हल्के लक्षण थे और अब वह कोविड-19 से उबर चुकी है। केन्द्र ने नए कोविड वेरिएंट को लेकर राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी की है।
केन्द्र ने राज्यों को जारी किए यह निर्देश
एडवाइजरी में कहा गया है कि आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर कुछ एहतियाती कदम उठाना जरूरी है, ताकि इस वायरस के प्रसार के जोखिम को जितना हो सके उतना कम किया जा सके। राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों के जिलेवार आंकड़ों पर नजर रखें। साथ ही नियमित तौर पर इस सम्बन्ध में केन्द्र सरकार को अपडेट करते रहें।
नेशनल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कोविड टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष राजीव जयदेवन के अनुसार, ‘जेएन.1 एक गम्भीर रूप से प्रतिरक्षा-रोधी और तेजी से फैलने वाला वेरिएंट है, जो XBB और इस वायरस के पहले के सभी वेरिएंट्स से स्पष्ट रूप से अलग है। इन्हें पहले कोविड संक्रमण हो चुका है और उन्होंने कोरोना रोधी टीके लगवाए हैं, यह वेरिएंट उन लोगों को भी संक्रमित करने में सक्षम है।’
