December 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

सतर्क रहने की जरूरत: गोवा, केरल और महाराष्ट्र में फैला कोरोना का सब वेरिएंट JN.1, सामने आए 21 केस

सतर्क रहने की जरूरत: गोवा, केरल और महाराष्ट्र में फैला कोरोना का सब वेरिएंट JN.1, सामने आए 21 केस

एनसीआई@नई दिल्ली

देशभर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। कोविड-19 के सब-वेरिएंट JN.1 के अब तक 21 मामले सामने आ चुके हैं। गोवा, केरल और महाराष्ट्र में नए कोरोना वायरस वेरिएंट के मामले सामने आए हैं। गोवा में ही अब तक इस सब वेरिएंट के 19 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं केरल और महाराष्ट्र में एक-एक मामले का पता चला है

सतर्कता के लिए तैयारी बढ़ाने के निर्देश

कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट का ही सब वेरिएंट JN.1 पिछले कुछ हफ्तों में सबसे तेजी से फैलने वाले वायरस में से एक बन गया है। देश भर में कोविड के बढ़ रहे मामलों के बीच, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने बुधवार को कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पॉल ने कहा कि भारत में वैज्ञानिक नए वेरिएंट पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हालांकि, वीके पॉल ने राज्यों को कोविड से निपटने की तैयारी बढ़ाने, परीक्षण बढ़ाने और अपनी निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

इस बीच, केन्द्र ने देश भर में कोविड के मामले बढ़ने के कारण राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने को कहा है। सलाह में राज्यों को नियमित आधार पर सभी स्वास्थ्य सुविधाओं में जिलेवार इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और गम्भीर तेज फैलने वाली सांस की बीमारी के मामलों की निगरानी करने और उनकी रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।

अगस्त में लक्जमबर्ग में पाया गया था पहला केस

कोरोना के नए सब वेरिएंट JN.1 के बारे में सामने आया है कि इसका सबसे पहला केस अगस्त में लक्जमबर्ग में पाया गया था। इसके बाद यह धीरे-धीरे 36 से 40 देशों में फैल गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वेरिएंट ऑफ इंटरेस्ट कहा है। कोविड के चलते बीते दो हफ्ते में ही देश में 16 मौतें हुई हैं। यह अलग बात है कि इन मृतकों को पहले से अन्य गम्भीर बीमारियां भी थीं, यानी ये लोग कोमोरबिडिटीज से पीड़ित थे। हाल ही में 15 दिसम्बर को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हुई थी। वह भी दूसरी कई बीमारियों से पीड़ित था। इस रोगी का सेम्पल इकट्ठा कर जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है।

614 नए केस आए, केरल में 3 की मौत

भारत में बीते दिन मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 614 नए मामले दर्ज किए गए, जो 21 मई के बाद सबसे ज्यादा हैं। बुधवार को अपडेट किए गए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के एक्टिव केस बढ़कर 2,311 हो गए हैं। 24 घंटे के दौरान केरल में तीन लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश में कोविड से मरने वालों की संख्या 5 लाख 33 हजार 321 हो गई है। अब तक भारत में कोरोना के 4.50 करोड़ केस सामने आ चुके हैं।

तेजी से फैलता है कोरोना का नया स्ट्रेन

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने JN.1 स्ट्रेन के बारे में बताया है कि जांच में सामने आया है कि दूसरे वेरिएंट की तुलना में यह अधिक आसानी से फैलता है। जॉन्स हॉपकिन्स ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के एक वायरोलॉजिस्ट एंड्रयू पेकोज ने कहा है कि जेएन.1 अधिक जोखिम पैदा नहीं करता है। JN.1 को पहले इसके मूल वंश BA.2.86 के हिस्से के रूप में वर्गीकृत किया गया था, लेकिन डब्ल्यूएचओ ने अब इसे अलग प्रकार के तौर पर वर्गीकृत किया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि मौजूदा टीके जेएन.1 और कोविड​​-19 वायरस के दूसरी वेरिएंट से होने वाली गम्भीर बीमारी और मौत की रोकथाम जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.