July 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता की महिला पहलवानों को सम्मानित किया, कोटा में हुए इस आयोजन को पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात बताई

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता की महिला पहलवानों को सम्मानित किया, कोटा में हुए इस आयोजन को पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात बताई

एनसीआई@कोटा

रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महिला वर्ग पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। साथ ही विजेता महिला पहलवानों को मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कुश्ती सिर्फ एक खेल नहीं हमारी परम्परा एवं संस्कृति का एक हिस्सा है। हमारे देश में दशकों से कुश्ती एवं दंगल का आयोजन मेलों और त्योहारों में होता आया है। कुश्ती एक तरह से हमारी विरासत है। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में हमारे देश के पहलवानों ने कुश्ती में कई मेडल जीते हैं। इस खेल को आगे बढ़ाने में महिला पहलवानों का भी काफी योगदान रहा है। पहली बार अंडर 20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का राजस्थान में आयोजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से सम्भव हुआ है।

हाड़ोती में कुश्ती को बढ़ावा मिलेगा

दीया कुमारी ने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का कोटा में आयोजन पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस आयोजन के लिए राजस्थान को चुनने के लिए राष्ट्रीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष संजय सिंह एवं राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता को साधुवाद दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा में इस आयोजन से हाड़ोती क्षेत्र में कुश्ती को बढ़ावा मिलेगा। यहां की लड़कियां कुश्ती प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना वर्चस्व स्थापित कर रहे हैं। ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं कॉमन वेल्थ खेलों में देश के लिए मेडल जीत रहे हैं। कुश्ती में काफी संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजनों से राजस्थान के खिलाड़ियों को भी एक्सपोजर मिलेगा। वे प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।

लड़कियों को मिला है अच्छा प्लेटफार्म

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुश्ती जैसे खेलों में अब लड़कियां भी बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं। इन प्रतियोगिता ने लड़कियों को अच्छा प्लेटफॉर्म दिया है। दीया कुमारी ने 50 किलो महिला वर्ग कुश्ती में प्रथम रहीं हरियाणा की विनिता, द्वितीय रहीं महाराष्ट्र की गौरी, तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से रहीं दिल्ली की श्रुति एवं कर्नाटक की श्वेता को मेडल पहनाए एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए।

कुश्ती का खेल नई ऊंचाइयों को छुएगा

इस अवसर पर कुश्ती फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि राजस्थान में इस आयोजन से यहां कुश्ती को बढ़ावा मिलेगा एवं कुश्ती का खेल नई ऊंचाइयों को छुएगा। कार्यक्रम को विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा एवं राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता एवं अन्य अतिथियों ने भी सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.