November 16, 2025

News Chakra India

Never Compromise

पूर्व मंत्री एवं दिग्गज कांग्रेस नेता भरत सिंह पंचतत्व में विलीन, ओम बिरला, अशोक गहलोत सहित कई हस्तियों दी श्रद्धांजलि, दो महीने के इलाज के बाद सोमवार रात एसएमएस अस्पताल जयपुर में ली थी अंतिम सांस

पूर्व मंत्री एवं दिग्गज कांग्रेस नेता भरत सिंह पंचतत्व में विलीन, ओम बिरला, अशोक गहलोत सहित कई हस्तियों दी श्रद्धांजलि, दो महीने के इलाज के बाद सोमवार रात एसएमएस अस्पताल जयपुर में ली थी अंतिम सांस

एनसीआई@कोटा

राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर का एसएमएस अस्पताल में सोमवार रात निधन होने के बाद मंगलवार को उनके गांव सांगोद के कुंदनपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल, प्रमोद जैन भाया, कोटा जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

भरत सिंह पिछले दो महीने से बीमार चल रहे थे। उन्हें केंसर था। जयपुर से मंगलवार सुबह 10 बजे उनकी पार्थिव देह को लाकर पहले कोटा कांग्रेस कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान कोटा के कांग्रेस जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के अलावा शहरवासियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

भरत सिंह चार बार विधायक और एक बार मंत्री रहे, लेकिन हमेशा जनसेवा और सादगी को राजनीति से ऊपर रखा। मंत्री पद संभालने के बाद भी उन्होंने 2014 में ग्राम पंचायत कुंदनपुर से पंच का चुनाव लड़कर जीत हासिल की। दोपहर को उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

भरत सिंह की चिट्ठी में लिखे अंतिम वाक्य

कोटा कांग्रेस के देहात जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि भरत सिंह अपने बेबाक और स्पष्ट वक्ता स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे जनहित के मुद्दों पर अपनी ही सरकार के खिलाफ भी आवाज उठाने से नहीं हिचकते थे। अवैध खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ उन्होंने कई बार धरने दिए। जनता के प्रति समर्पण की मिसाल देते हुए उन्होंने 15 बीघा जमीन सामाजिक कार्यों के लिए दान की।

वर्ष 2007 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक और सर्वश्रेष्ठ पंचायत मंत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी अंतिम चिट्ठी में लिखा वाक्य “अब मैं चुनाव नहीं लडूंगा, मेरे आलोचकों का भी आभार” उनके विनम्र स्वभाव का प्रतीक था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया सहित तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। ओम बिरला ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया-“भरत सिंह जैसे ईमानदार और सिद्धांतनिष्ठ नेता अब राजनीति में दुर्लभ हैं।”

पीसीसी चीफ डोटासरा ने कहा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भरत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, राजस्थान ने आज ऐसे नेता को खो दिया है, जो निर्भीक और स्पष्ट सोच वाले थे। सामाजिक कार्यों और जनता के प्रति उनका समर्पण सदा याद आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.