December 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

भजनलाल और वसुंधरा राजे का पहली बार एक साथ रोड शो, भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ शानदार स्वागत

भजनलाल और वसुंधरा राजे का पहली बार एक साथ रोड शो, भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ शानदार स्वागत

एनसीआई@बारां

अंता विधानसभा उप चुनाव में गुरुवार को बीजेपी ने अपने प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के मांगरोल में विशाल रोड शो कर संगठन की एकजुटता दिखाई। इसमें जनसैलाब उमड़ा। घरों की छतों पर भी रोड शो देखने के लिए महिला व बच्चे खासी संख्या में जमा थे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नजर आए। कस्बेवासियों ने करीब ढाई किलोमीटर लम्बे इस रोड शो का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ता जोरशोर से नारेबाजी करते चल रहे थे।

इस दौरान अपने सम्बोधन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा ने कहा- पिछली सरकार में वादे तो बहुत किए गए, मगर उन्हें पूरा अब किया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने पार्टी प्रत्याशी मोरपाल सुमन को वोट देकर बड़े अंतर से जिताने की भी मतदाताओं से अपील की। इस रोड शो के दौरान रथ पर प्रत्याशी सुमन के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री ओटाराम देवासी व जोगाराम पटेल भी मौजूद रहे।

11 को होगा मतदान, 14 को मतगणना और परिणाम

उल्लेखनीय है कि अंता उपचुनाव के लिए 11 नवम्बर को मतदान होगा‌। 14 नवम्बर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। इस उपचुनाव में भाजपा के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। रोड शो में भाजपा प्रत्याशी सुमन ने हाथों में पार्टी का चिह्न कमल का फूल थाम रखा था।

इस रोड शो के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा चार्टर प्लेन से झालावाड़ पहुंचे। यहां से वह हेलिकॉप्टर में दोपहर दो बजे करीब मांगरोल पहुंचे। रोड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

मुस्लिम समाज ने जेसीबी पर चढ़कर की पुष्प वर्षा

भाजपा का यह रोड शो सुभाष चौक से शुरू होकर सीसवाली तिराहे पर पहुंच समाप्त हुआ। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने रोड शो का शानदार स्वागत किया। उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान प्रमुख आकर्षण का केन्द्र मुस्लिम समाज की ओर से जेसीबी पर चढ़कर पुष्प वर्षा करना रहा‌। रोड शो के मार्ग में 51 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए थे।

यहां गौरतलब है कि अंता उपचुनाव में भाजपा का प्रत्याशी घोषित होने में हुई देरी से पार्टी के भीतर खींचतान की चर्चाएं परवान पर थीं। इसी के चलते ‌विपक्ष भाजपा पर गुटबाजी के आरोप लगाता रहा था। ऐसे में भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे के इस संयुक्त रोड शो को संगठन की एकजुटता के रूप में भी देखा जा रहा है। साथ ही विपक्ष को तगड़ा जवाब माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.