December 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, हेलमेट पहन बाइक पर आए बदमाश ने दो फायर किए

राजस्थान: भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, हेलमेट पहन बाइक पर आए बदमाश ने दो फायर किए

एनसीआई@चित्तौड़गढ़

कोतवाली थाना क्षेत्र में सिटी पेट्रोल के पास मंगलवार सुबह 11 बजे करीब एक बाइक सवार बदमाश ने स्कूटी पर जा रहे भाजपा नेता पर पीछे से दो फायर किए। इससे वह गम्भीर घायल हो नीचे गिर पड़े। इस पर लोग उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उनकी गम्भीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी ने हेलमेट लगा रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य तरीकों से उसका सुराग लगाने में जुटी है। इस वारदात से सनसनी फैल गई।

भाजपा नेता रमेश ईनाणी (65) साल 2019 से 2022 तक पार्टी में नगर मंत्री के पद पर रहे थे। फायरिंग से उनके पैर और पीठ में एक-एक गोली लगी थी। पीठ में लगी गोली आरपार हो गई, जबकि पैर में धंसी रह गई। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि जैसे ही उन्हें गोली लगी, वे स्कूटी से गिर गए। वहीं, बदमाश फरार हो गया। गोली लगने से गम्भीर घायल रमेश ईनाणी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि रमेश ईनाणी का कूरियर का बिजनेस था। वह स्कूटी पर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहना बाइक सवार उनका पीछा कर रहा था।उसने रमेश ईनाणी को ओवरटे​क किया और फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश ने दो फायर किए थे। इनमें से एक गोली उनकी पीठ और दूसरी पैर में लगी थी।

आधा घंटे पहले एमएलए के ऑफिस में थे ईनाणी

रमेश ईनाणी शहर के कृष्णा नगर, चामटी खेड़ा रोड के रहने वाले थे। वे घटना से करीब आधा घंटा पहले सुबह 10.30 बजे तक विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के ऑफिस में थे। वे यहां से अपने घर गए और घर से राणा सांगा मार्केट स्थित अपने ऑफिस ईनाणी कूरियर सर्विस जा रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक चंद्रभान सिंह आक्या अस्पताल पहुंच गए थे।

रमेश ईनाणी के बेटे सौरभ ईनाणी ने बताया कि पिता की एक जमीन रामद्वारे के पीछे भी है। उसे लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा है। आशंका है कि इसी विवाद के कारण उनकी गोली मारकर हत्या की गई।

बताया जा रहा है कि बदमाश की बाइक की नम्बर प्लेट सीसीटीवी में धुंधला दिख रही है। पुलिस तकनीकी टीम की मदद से इसे ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। विधायक आक्या ने पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.