अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता कुमारी ने डाबी और धनेश्वर में सीएचसी, स्कूल व अन्नपूर्णा रसोई का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
एनसीआई@बूंदी
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता कुमारी तिवारी ने गुरुवार और शुक्रवार को बूंदी जिले के धनेश्वर और डाबी स्थित स्कूलों, चिकित्सा केन्द्रों और अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने इस निरीक्षण के दौरान अन्नपूर्णा रसोई में मिली अव्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई। वहीं, चिकित्सा सेवाओं पर संतोष जताया।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के धनेश्वर स्थित राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के निरीक्षण में कई विद्यार्थियों के लम्बे समय से अनुपस्थित चलने का मामला सामने आया। इसका सीधा असर उनके शैक्षिक स्तर पर पड़ रहा है। उन्होंने इस सम्बंध में प्रधानाचार्य और शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों से व्यक्तिगत सम्पर्क कर उन्हें नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि आरएपीपी (RAPP) के पैराफेरी क्षेत्र में स्थित इस स्कूल के समुचित विकास और संसाधनों के लिए वे आरएपीपी के केन्द्र निदेशक से वार्ता करेंगी, ताकि सीएसआर के तहत विद्यालय का कायाकल्प हो सके।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने इसी क्रम में डाबी में अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाया और भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया। उन्होंने डाबी के नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि अन्नपूर्णा रसोई में आमजन के बैठकर खाना खाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डाबी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया। इस दौरान अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को परिजनों ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ समय पर इलाज कर रहे हैं और उनका व्यवहार सहयोगात्मक हैं।
