सरपंच बनने के लिए 6 साल की बेटी की हत्या, पिता ने नहर में धकेला, 2 बच्चों वाले नियम से अयोग्य होने का था डर
एनसीआई@नांदेड़ (महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक व्यक्ति ने अपनी छह साल की बेटी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसे सरपंच बनना था। दरअसल, आरोपी राज्य में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच बनने के लिए खुद को योग्य बनाना चाहता था।
पुलिस के मुताबिक, केरूर गांव का रहने वाला 28 साल के पांडुरंग कोंडमंगले के तीन बच्चे थे। इनमें एक तीन साल का बेटा और छह साल की जुड़वां बेटियां शामिल हैं। वह गांव में विराट सैलून नाम से दुकान चलाता था। वह पंचायत चुनाव में सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पांडुरंग को पंचायत चुनाव में दो बच्चों के नियम के कारण अयोग्य होने की आशंका सता रही थी। दरअसल महाराष्ट्र पंचायत राज कानून के तहत दो से ज्यादा बच्चों वाले लोग पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकते।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इसलिए आरोपी ने अपनी एक बच्ची की हत्या कर दी। पांडुरंग पहले बच्ची को बाइक पर तेलंगाना के निजामाबाद जिले में स्थित निजाम सागर नहर तक ले गया। वहां उसने कथित तौर पर बच्ची को नहर में धकेल दिया।
नहर के आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने पानी में कुछ गिरने की आवाज सुनी। जब वे नहर के पास पहुंचे तो बच्ची का शव पानी में तैरता दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौजूदा सरपंच के साथ मिलकर रची साजिश
निजामाबाद पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी चैतन्य ने बताया कि आरोपी ने दो बच्चों वाले नियम को लेकर गांव के मौजूदा सरपंच गणेश शिंदे से बातचीत की। पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच एक बेटी को रास्ते से हटाने की साजिश बनी।
दोनों ने पहले बच्ची को गोद देने या कहीं छोड़ने पर विचार किया, लेकिन जन्म प्रमाण पत्र में नाम दर्ज होने के कारण यह तरीका काम का नहीं लगा।
इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने की योजना बनाई गई। इसी साजिश के तहत पांडुरंग बच्ची को घर से बाहर ले गया और तेलंगाना के निजामाबाद की एक नहर में धकेल दिया।
जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। हालांकि शव ज्यादा समय तक पानी में नहीं रहा था, इसलिए उसकी पहचान हो सकी।
पुलिस ने बच्ची की तस्वीरें सोशल मीडिया और अखबारों में शेयर कीं। महाराष्ट्र के एक गांव के व्यक्ति ने तस्वीर देखकर बच्ची की पहचान की और तेलंगाना पुलिस को जानकारी दी।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला
इसके बाद पुलिस की एक टीम आरोपी पांडुरंग के गांव पहुंची। शुरुआत में आरोपी ने कहा कि बच्ची का इलाज चल रहा है, लेकिन वह इसकी कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ में पांडुरंग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, मौजूदा सरपंच गणेश शिंदे को सह-आरोपी बनाया गया है। पूरे मामले की जांच अभी जारी है।
