March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा महोत्सव के लोगो का विमोचन, 21 फरवरी को गणेश वंदना से होगी 2 दिवसीय आयोजन की शुरुआत

कोटा महोत्सव के लोगो का विमोचन, 21 फरवरी को गणेश वंदना से होगी 2 दिवसीय आयोजन की शुरुआत

एनसीआई@कोटा

21 फरवरी से शुरू हो रहे ‘कोटा महोत्सव’ के लोगो का विमोचन गुरुवार को जिला कलेक्टर पीयूष समारिया व महोत्सव से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में किया। इस अवसर पर कोटा महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं महोत्सव के आमंत्रण पत्र का भी विमोचन किया गया।

विमोचन कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन वीरेन्द्र सिंह यादव, एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला, प्रशिक्षु आईएएस आराधना चौहान, निगम आयुक्त ओपी मेहरा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, कोटा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमीत सिंह बेदी, हाड़ टूरिज्म डवलपमेंट सोसायटी के आरएस तोमर सहित विभिन्न व्यापार संगठनों एवं कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

जिला कलेक्टर ने सभी से कोटा महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की। बताया कि कोटा महोत्सव की शुरुआत 21 फरवरी को सुबह 8 बजे गोदावरी धाम पर श्री गणेश वंदना से होगी, जिसमें गणेश आरती महा‍गार और इसका गायन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे शौर्य घाट चम्बल रिवर फ्रंट पर लोकल टेलेंट हंट प्रतियोगिता होगी। दोपहर 12 बजे मास्टर शेफ प्रतियोगिता, इसके बाद दोपहर 1ः30 बजे सुरीला कोटा के तहत संगीत प्रस्तुति और शाम 4 बजे शौर्य घाट पर घूमर शो आयोजित होगा। 21 फरवरी को शाम 5. 30 बजे चम्बल रिवर फ्रंट (पश्चिमी घाट) पर चम्बल महाआरती होगी। सायं 7 बजे शौर्य घाट पर सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा। 21 फरवरी को नंदी घाट पर सुबह 10 बजे से फोटो एग्जीबिशन लगेगी जिसमें फोटो कॉन्टेस्ट के माध्यम से चयनित फोटो प्रदर्शित की जाएंगी।

स्वदेशी कोटा के तहत यह होगा

21 एवं 22 फरवरी को राजपूताना घाट चम्बल रिवर फ्रंट (पश्चिमी घाट) पर दो दिवसीय दीदी रो हाट प्रदर्शनी के तहत विभिन्न उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी। शौर्य घाट चम्बल पर सुबह 11 से सायं 7 बजे तक दो दिवसीय स्वदेशी कोटा के तहत आर्गेनिक खेती एवं मिलेट्स उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। 21 एवं 22 फरवरी को सुबह 11 से शाम 6 बजे के बीच किशोर सागर तालाब पर फ्लावर शो आयोजन होगा। दोनों दिन सायं 6 से 7 बजे तक किशोर सागर तालाब पर पुलिस, आर्मी एवं आरएसी द्वारा बेंड वादन प्रस्तुत किया जाएगा। 22 फरवरी को सुबह 7 बजे हैरिटेज वॉक का आयोजन होगा। यह मथुराधीश मंदिर से प्रारम्भ होकर गढ़ पैलेस, पद्भनाभ मंदिर, किशोरपुरा गेट, कोटड़ा हाउस, कैथूनीपोल होते हुए सुभाष चौक होकर रामपुरा कोतवाली तक हैरिटेज वॉक निकलेगी। हेरिटेज वॉक में कोटावासी साफा पहनकर शामिल होंगे। इसके साथ ही गढ़ पैलेस के दरीखाने में कचौरी फेस्ट का आयोजन होगा। शौर्य घाट पर प्रात म बजे ‘म्हारो राजस्थान’ के तहत लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही निरोगी कोटा कार्यक्रम के तहत टॉक शो होंगे। रिवर फ्रंट पर ही दोपहर 2.30 बजे ‘कोटा ऑन स्क्रिन्स’ फिल्म फेस्टिवल के तहत चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। शाम 4.30 बजे कोटा निवासी बॉलीवुड गायक क्षितिज तारे की म्यूजिकल प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 6 बजे कोटा डोरिया फैशन-शो का आयोजन शौर्य घाट पर होगा। रात्रि 8.30 बजे विजयश्री रंगमंच, दशहरा मैदान पर मेगा सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा।

सेवन वंडर्स पार्क में होगा पेट-शो का आयोजन

दो दिवसीय कोटा महोत्सव के तहत 22 फरवरी को सुबह 11 बजे से सेवन वंडर्स पार्क में पेट-शो का आयोजन होगा। इस शो में पेट ऑनर्स अपने पेट के साथ शामिल होंगे। पेट-शो में शामिल होने के लिए पेट ऑनर्स को अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्केन कर ऑनलाईन फार्म भरना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.