इस्लामिक कुरीतियों के खिलाफ बोलने वाले एक्स-मुस्लिम सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला, दफ्तर में घुसकर गला रेता, हालत गम्भीर
लोनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और खुद को एक्स-मुस्लिम अर्थात पूर्व मुस्लिम कहने वाले सलीम वस्तिक पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सलीम गम्भीर घायल हो गए हैं। सलीम अपनी कट्टरपंथी विरोधी विचारधारा के कारण लंबे समय से निशाने पर थे।
एनसीआई@गाजियाबाद
इस्लाम की कुरीतियों और धर्म को लेकर विवादित टिप्पणियां करना एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक को काफी महंगा पड़ा। सलीम वास्तिक पर शुक्रवार सुबह उनके गाजियाबाद स्थित लोनी इलाके के दफ्तर में घुसकर कुछ बदमाशों ने चाकू से घातक वार करते हुए गला रेत दिया। इतना ही नहीं उनके पेट में भी चाकू घोंपा गया। गम्भीर हालत में यूट्यूबर सलीम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानें यूट्यूबर सलीम वास्तिक के बारे में
50 वर्षीय सलीम वास्तिक लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी में रहते हैं। वह यूट्यूब पर सलीम वास्तिक 0007 के नाम से चैनल चलाते हैं। वह अपने इस चैनल पर इस्लाम की कुरीतियों के खिलाफ वीडियो बनाकर डालते रहते हैं। मुस्लिम समुदाय के लोगों को स्वभाविक रूप से उनके वीडियो पसंद नहीं आते थे। इस वजह से सलीम को लगातार गम्भीर धमकियां मिलती रहती थीं। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह लोनी थाना क्षेत्र में अली गॉर्डन कॉलोनी में स्थित उनके दफ्तर में ही उन पर हमला हो गया।
गर्दन रेत डाली, पेट पर भी किए चाकू से वार
बताया जा रहा है कि सुबह कुछ बदमाश बाइक पर आए। वे सभी दफ्तर के अंदर घुस गए और सलीम पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने उनकी गर्दन रेत डाली और पेट पर भी चाकू से वार किए। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी भाग गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और सलीम को गम्भीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।
हेलमेट पहने हुए थे हमलावर
स्थानीय लोगों ने बताया कि सलीस आज सुबह घर पर स्थित ऑफिस में बैठे हुए थे। तभी वहां पर कुछ लोग बाइक पर आए और सीधे उनके कार्यालय में घुस गए। इन्होंने हेलमेट पहन रखे थे। इन बदमाशों ने यूट्यूबर सलीम की गर्दन रेतकर पेट पर चाकू से वार किया। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। लोगों ने घटना की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर गम्भीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। सीसीटीवी केमरों के फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।
