April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एलपीजी की किल्लत के बीच 524 गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, हाईवे पर खड़ा मिला खाली वाहन

एलपीजी की किल्लत के बीच 524 गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, हाईवे पर खड़ा मिला खाली वाहन

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रक में करीब 18 लाख रुपए कीमत के 524 रसोई गैस सिलेंडर लदे हुए थे। पुलिस ने खाली ट्रक बरामद कर लिया है, जबकि सिलेंडरों की तलाश जारी है।

एनसीआई@झांसी

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है। जंग की वजह से तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे हड़कम्प मच गया।

जानकारी के मुताबिक ट्रक में एलपीजी गैस के भरे हुए 524 सिलेंडर लदे थे, जिनकी कीमत लगभग 17.33 लाख रुपए बताई गई है। यह मामला झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के अनुसार उनका ट्रक नम्बर यूपी 93 बीटी 3341 झांसी के करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से जुड़ा हुआ है। 2 मार्च को प्लांट से 524 गैस सिलेंडर ट्रक में लोड किए गए थे, जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर भेजा जाना था। होली के त्योहार के कारण ट्रक चालक राजकुमार ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा कर घर चला गया था। अग्रवाल ने बताया कि ड्राइवर जब छुट्टी से लौटकर ट्रक लेकर कानपुर देहात जाने के लिए डिपो पहुंचा तो वहां ट्रक नहीं मिला। इसके बाद उसने इन्हें सूचना दी। अग्रवाल ने जब GPS (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से ट्रक की लोकेशन ट्रेक की तो उसकी आखिरी लोकेशन बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा इलाके में झांसी-कानपुर हाईवे पर स्थित अपना ढाबा के पास मिली।
जब ये लोग मौके पर पहुंचे तो ट्रक वहां खाली खड़ा मिला और उसमें रखे सभी 524 सिलेंडर गायब थे। बदमाश ट्रक को वहीं छोड़कर उसकी GPS डिवाइस भी तोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद ट्रक मालिक ने तुरंत सीपरी बाजार थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सिलेंडर ढूंढने में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है और चोरी हुए गैस सिलेंडरों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि विदेशों से कम एलपीजी गैस की आपूर्ति की वजह से केंद्र सरकार ने एलपीजी के कॉमर्शिलयल इस्तेमाल को नियंत्रित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.