जयपुर जा रहे युवा पति को घर पर पत्नी के आत्महत्या करने की सूचना मिली, सदमे में आए पति ने ट्रेन के आगे कूद दे दी जान, पहले इंस्टाग्राम पर लिखा-तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं, दो दिन पहले ही मनाया था बेटे का जन्मदिन
एनसीआई@झुंझुनूं
पत्नी के आत्महत्या कर लेने की सूचना से गहरे सदमे में आए युवा पति ने भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस दम्पती की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। इसके अलावा दो दिन पहले ही इन्होंने बेटे का जन्मदिन मनाया था। पति-पत्नी के बीच सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पति जयपुर के लिए रवाना हो गया था।
इसी के बाद पत्नी ने घर में फंदा लगा लिया। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही जयपुर जा रहे पति ने रास्ते में ही ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इससे पहले इंस्टाग्राम पर लिखा- “मैं तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं।” एक ओर जहां देश में लगातार अवैध सम्बंधों के कारण पति के द्वारा पत्नी की तो पत्नी के द्वारा पति की हत्या कर देने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो हमारे सामाजिक ताने-बाने, नैतिकता पर बड़ा सवाल हैं। ऐसे में एकदम विपरीत प्रकृति का, झकझोर देने वाला यह मामला शनिवार को सुल्ताना थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव से सामने आया है।
इस मामले की सूचना मिलने पर थानाधिकारी रविन्द्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पति सचिन दूधवाल (25) जयपुर में मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही गांव आया था। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सचिन और उसकी पत्नी भारती (23) में अनबन रहती थी। शनिवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
खिड़की से झांका तो पंखे से लटकी दिखी भारती
सचिन के पिता सुभाष दूधवाल ने बताया कि बेटे की शादी 2024 में खींवसर निवासी भारती से की थी। दोनों के एक साल का बेटा है। दो दिन पहले ही पोते का जन्मदिन मनाया था। शादी के बाद से ही बेटे-बहू के बीच अनबन चल रही थी।
उन्होंने बताया, भारती की मां की तबीयत खराब थी और वह पति सचिन को लेकर पीहर जाना चाहती थी, लेकिन किसी वजह से दोनों नहीं जा पाए। सुभाष ने आगे बताया कि उन्होंने बहू से खींवसर जाकर अपनी मां से मिल आने को कहा, लेकिन वह नहीं गई और झगड़ा करने लगी। सुभाष के अनुसार इस पर उन्होंने सचिन से कहा कि झगड़ा बढ़ेगा। तुम जयपुर चले जाओ, काम पर ध्यान दो।
सुभाष ने आगे कहा- बहू भारती लगातार झगड़ा कर रही थी, इस पर मैंने उसके पिता और भाई से बात की। भारती के भाई चमन प्रकाश और चाचा से आकर समझाने के लिए कहा। इस बीच आज सुबह 8 बजे सचिन जयपुर के लिए रवाना हुआ और मैं भी घर से निकल गया।
सुबह 10 बजे करीब भारती का भाई और चाचा पदमपुरा पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। उन्होंने खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो भारती फंदे पर लटकी हुई दिखी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मेरी बेटी गोल्ड मेडलिस्ट, सुसाइड नहीं कर सकती
भारती के पिता ओमप्रकाश खारिया ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाया है। ओमप्रकाश ने बताया- सुबह करीब 10 बजे बेटी के ससुर सुभाष ने फोन पर बताया कि कमरा अंदर से बंद है। दोनों (ससुर सुभाष और पति सचिन) घर से निकल गए हैं। इसके बाद मैंने अपने बेटे और भाई को भेजा।
ओमप्रकाश ने कहा- मेरी बेटी झुंझुनूं जिले की रेस में गोल्ड मेडलिस्ट रही है, होनहार थी। वो ऐसा नहीं कर सकती। मेरी बच्ची के साथ इन लोगों ने मारपीट की है। मेरी बच्ची जब भी पीहर से लौटती, ये लोग उसे गहने-पैसे नहीं लाने का ताना देते थे। हम बच्ची के लिए इंसाफ चाहते हैं।
इंस्टाग्राम पर लिखा आखिरी पैगाम: ” मैं भी कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं”
इधर, सुभाष ने कहा- सचिन जयपुर में मजदूरी करता था। दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। पत्नी भारती के सुसाइड करने की खबर जब सचिन को मिली तो उसने इंस्टाग्राम पर लिखा- “मैं भी कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं।” कुछ देर बाद सचिन ने नवलगढ़ के दुर्जनपुरा के पास ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया। सचिन का बायां हाथ कटकर ट्रेक के एक तरफ गिर गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घटनास्थल पर बुलाया।
