April 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दिल्ली के घर पर असम पुलिस को नहीं मिले पवन खेड़ा, सीएम हिमंता का दावा, ‘हैदराबाद भाग गए, पुलिस ने कहा- कहीं भी हों, ढूंढ लेंगे

दिल्ली के घर पर असम पुलिस को नहीं मिले पवन खेड़ा, सीएम हिमंता का दावा, ‘हैदराबाद भाग गए, पुलिस ने कहा- कहीं भी हों, ढूंढ लेंगे

असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा की पत्नी पर लगाए गए आरोपों के सिलसिले में असम पुलिस की टीम अचानक दिल्ली में पवन खेड़ा के घर पहुंची, हालांकि वह घर पर नहीं मिले। उधर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं। वहीं असम पुलिस ने कहा कि वह उन्हें ढूंढ लेगी।

एनसीआई@नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी सरमा पर लगाए गए आरोपों को लेकर बड़ी मुसीबत में घिर गए हैं। इस मामले में असम पुलिस की टीम आज सोमवार सुबह दिल्ली पहुंची और खेड़ा के आवास पर दबिश दी। दिल्ली पुलिस भी असम पुलिस की मदद के लिए इस कार्रवाई में शामिल रही। हालांकि खबर है कि पवन खेड़ा उस समय अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा डर कर हैदराबाद भाग गए हैं।

असम पुलिस ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘एक केस दर्ज हुआ है, पवन खेड़ा के लिए हम आए थे। वे हमें नहीं मिले। हमने उनके आवास को सर्च किया, कुछ चीजें मिली हैं, जो हम लोग डिस्क्लोज नहीं कर सकते हैं।’ असम पुलिस ने इसके साथ ही कहा, ‘हमें पता नहीं वो कहा हैं, लेकिन हम उन्हें ढूंढ लेंगे।’

वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘हिमंता बिस्व सरमा आप पर करप्शन के गम्भीर आरोप हैं और आप साफ तौर पर घबरा गए हैं। आप नाम लेकर बुलाने और डराने-धमकाने के बजाय पवन खेड़ा के लगाए आरोपों का जवाब क्यों नहीं देते? अपनी नौटंकी बंद करो, क्योंकि अब आप अपना करप्शन नहीं छिपा सकते।’ (हालांकि यहां हम साफ कर देना चाहते हैं कि हिमंता उन पर और उनकी पत्नी पर पवन खेड़ा के द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का जवाब दे चुके हैं‌।)

यह है पूरा मामला

दरअसल, पवन खेड़ा ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर कई गम्भीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन देशों यूएई, एंटीगुआ और बारबुडा, मिस्र का पासपोर्ट है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि रिनिकी भुइयां सरमा के नाम दुबई में दो सम्पत्तियां हैं, जिनका जिक्र हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने चुनावी हलफनामे में नहीं किया है।

वहीं, रिनिकी सरमा ने पवन खेड़ा के आरोपों पर तुरंत पलटवार करते हुए उन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे आरोप लगाने की बात कही, साथ ही कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, रिनिकी सरमा ने कहा कि पवन खेड़ा के द्वारा लगाए गए आरोपों में, बल्कि शेयर किए जा रहे या कहे जा रहे डॉक्यूमेंट्स में भी बड़ी कमियां हैं।

खेड़ा पर निशाना साधते हुए उन्होंने लिखा, ‘आपकी सिर्फ तपस्या में ही नहीं, एआई जेनरेशन और फोटो शॉपिंग में भी कमी रह गई। मुझे उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी का प्रवक्ता बुनियादी उचित जांच करेगा, न कि मनगढ़ंत पासपोर्ट और डॉक्यूमेंट्स की खराब इमेज सर्कुलेट करेगा। ’ उन्होंने कहा कि इस मामले को अब कानूनी तौर पर निपटाया जाएगा। उन्होंने खेड़ा और कांग्रेस पार्टी को टैग करते हुए कहा, ‘अब मैं कानून को अपना काम करने दूंगी। क्रिमिनल चार्ज लगाए जा रहे हैं. हम इसे कोर्ट में जारी रख सकते हैं।’ इसके बाद रात को ही रिनिकी सरमा ने थाने में पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी थी।

हताशा और बेबुनियाद आरोप: सीएम सरमा

वहीं, मुख्‍यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने पवन खेड़ा के आरोपों पर कहा था कि वह और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों प्रकार के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्‍ट में पलटवार करते हुए कहा कि पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दर्शाती है। जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह की हताशा और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमजोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं।

सीएम ने कहा कि मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है। मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। उनके इन गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.