आखिर ट्रम्प की विध्वंसकारी चेतावनी रंग लाई: ईरान और अमेरिका के बीच 2 हफ्तों का युद्ध विराम, डेडलाइन से ठीक पहले ट्रम्प की घोषणा, इजरायल ने भी जताई सहमति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान के साथ दो हफ्तों के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने यह फैसला 8 बजे की डेडलाइन से ठीक कुछ समय पहले लिया है।
एनसीआई@वॉशिंगटन/नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी समयानुसार मंगलवार को कहा कि वे दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी रोकने पर सहमत हो गए हैं। यह सहमति उनकी डेडलाइन की मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे) की समय सीमा से दो घंटे से भी कम समय पहले बनी। ट्रम्प ने डेडलाइन पूरी होने पर पूरी सभ्यता को तबाह करने की धमकी दी थी। वहीं ईरान इस धमकी का उस पर कोई असर नहीं होने का दावा करता आ रहा था। युद्ध नहीं रोकने की बात कह रहा था। वाइट हाउस ने कहा है कि इजरायल ने भी इस अस्थायी युद्ध विराम पर सहमति जताई है।
ट्रम्प ने ईरान के सामने रखी शर्त
ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर दो हफ्तों के युद्ध विराम समझौते की जानकारी दी और कहा कि यह समझौता इस शर्त पर किया गया है कि ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोलने पर सहमत हो। ट्रम्प की घोषणा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस प्रस्ताव के बाद आई है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत के लिए संघर्ष-विराम का सुझाव दिया था।
शहबाज और मुनीर से बातचीत के बाद ट्रम्प का ऐलान
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर- जिसमें उन्होंने मुझसे अनुरोध किया था कि मैं आज रात ईरान भेजे जा रहे विनाशकारी बल को रोक लूं- और इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो, मैं दो हफ्ते की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को रोकने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा युद्ध विराम होगा।’
ट्रम्प ने बताया निर्णायक समझौते की दिशा में कदम
युद्ध विराम की वजह बताते हुए ट्रम्प ने आगे कहा, ‘ऐसा करने का कारण यह है कि हमने अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को पहले ही पूरा कर लिया है और उनसे आगे भी निकल गए हैं। साथ ही हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य-पूर्व में शांति सुनिश्चित करने वाले एक निर्णायक समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं। ‘ईरान से हमें 10-सूत्रीय प्रस्ताव मिला है और हमारा मानना है कि यह बातचीत शुरू करने के लिए व्यवहारिक आधार है। अतीत के लगभग सभी विवादित मुद्दों पर अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बन चुकी है, लेकिन दो हफ्ते का यह समय समझौते को अंतिम रूप देने और उसे पूरा करने के लिए जरूरी होगा।’
इजरायल भी हमले रोकने पर सहमत
ट्रम्प ने आगे लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर यह उनके लिए गर्व की बात है कि एक लम्बे समय से चली आ रही यह समस्या अब समाधान के बेहद करीब है। वाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने CNN को बताया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से किए गए दो हफ्ते के सीजफायर का इजरायल भी हिस्सा है। अधिकारी ने बताया कि इजरायल भी बातचीत जारी रहने तक बमबारी रोकने पर सहमत हो गया है।
