जयपुर में स्मैक बेचने वाली आंटी व उसका सहयोगी युवक गिरफ्तार, दोनों कोटा के निवासी
एनसीआई@जयपुर
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में नशे की सप्लाई करने वाली एक महिला और उसके सहयोगी युवक को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 20 लाख रुपए बाजार कीमत की करीब 262 ग्राम स्मैक, एक लाख रुपए और एक बाइक बरामद की है। पकड़ा गया युवक महिला के मकान में ही किराए से रहता है। वह महिला के इशारे पर अपनी बाइक से ऑर्डर देने वाले ग्राहकों को स्मैक की होम डिलीवरी करता था। अधिकतर ग्राहक युवा हैं, जो इस महिला को आंटी कहते हैं।
डीसीपी (क्राइम) दिगंत आनन्द ने बताया कि गिरफ्तार
आरोपी महिला तनुजा अरोड़ा (33) है। वह मूल रूप से कोटा के भीमगंजमंडी इलाके की रहने वाली है। वह कुछ समय से जयपुर के सेक्टर 6, प्रताप नगर में रह रही है। उसका पति भरत अरोड़ा भी वर्ष 2019 में स्मैक की तस्करी करने पर दौसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था। भरत अभी कोटा में जेल में बंद है। उसे किसी मुकदमे में कोटा पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर दौसा से गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में तनुजा ने बताया कि वह खुद झालावाड़ जिले के अकलेरा से स्मैक खरीद कर लाती है। इसके लिए वह प्राइवेट बस या ट्रेक्सी का इस्तेमाल करती है। 3000 रुपए प्रतिग्राम के भाव से खरीदी गई स्मैक को वह जयपुर में 4 हजार से 7 हजार रुपए प्रति ग्राम के भाव से बेचकर मोटा मुनाफा कमा रही थी। तनुजा ने बताया कि वह जयपुर शहर में हर महीने करीब 1 से 2 किलो स्मैक की सप्लाई करती है। उससे एक लाख रुपए व 210 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
ऐसे हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) सुलेश चौधरी ने बताया कि कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच टीम(CST) को सूचना मिली थी कि एक युवक सांगानेर व प्रताप नगर इलाके में नशे की सप्लाई करता है। यह नशा पुड़ियों में भरकर बेचा जा रहा है। तब प्रताप नगर पुलिस ने मोहित शर्मा (23) को CST की सूचना पर धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि वह इटावा, कोटा का रहने वाला है।
यहां उसकी मुलाकात तनुजा अरोड़ा से हुई थी। इसके भी कोटा की रहने वाली होने से उसी के मकान में कमरा किराए पर लेकर रहने लगा। रुपयों की जरूरत होने से वह तनुजा के कहने पर बाइक से स्मैक की डिलीवरी करने लगा। तनुजा को सांगानेर पुलिस ने गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी चिरंजीलाल मीणा के साथ पुलिस इंस्पेक्टर खलील अहमद व प्रताप नगर थानाप्रभारी बलबीर कस्वां के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
