लड़की को गले लगाया, फिर फ्लाइंग किस और बाय-बाय, हॉस्पिटल की छठी मंजिल से कूद गया
एनसीआई@भरतपुर
यहां के एक हॉस्पिटल में सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 22 वर्षीय युवक चंद्रपाल ने इसकी छठी मंजिल से नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। मगर इससे पहले जो कुछ हुआ, वह बड़ा अजीबोगरीब घटनाक्रम है। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है।

इस घटनाक्रम के सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि चंद्रपाल पहले हॉस्पिटल की पांचवी मंजिल पर एक लड़की को बाहें फैलाकर अपने पास बुलाता है, पास आने पर उसे गले लगता है, इसके बाद उसका हाथ चूमता है। दोनों के बीच यह सिलसिला करीब एक मिनट तक जारी रहता है। इसके बाद वह उसे फ्लाइंग किस करता है। सीढ़ियों से ऊपर की ओर बढ़ता है। ऊपर चढ़ते हुए वह लड़की को भी वहां आने का इशारा करता है, मगर वह नहीं आती है। इसके बाद चंद्रपाल छठी मंजिल की खिड़की के पास जाता है, वहां से लड़की को बाय-बाय का इशारा करता है और नीचे कूद जाता है। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, परिजनों का दावा है कि वह तो खिड़की से गुटखा थूक रहा था। इस दौरान पैर फिसल जाने से उसकी मौत हुई है।

परिजनों ने यह बताया
मामला सोमवार रात मथुरा गेट थाना क्षेत्र के आरबीएम हॉस्पिटल का है। पुलिस के अनुसार भरतपुर जिले के ही इकरन के रहने वाले चंद्रपाल के परिजनों ने बताया कि वह हॉस्पिटल में किसी रिश्तेदार से मिलने गया था। यहां खिड़की से गुटखा थूक रहा था कि उसका पैर फिसल गया और मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि चंद्रपाल भरतपुर के अपना घर आश्रम में नौकरी करता था। वह सोमवार रात करीब 8 बजे नौकरी पर जाने की कहकर घर से निकला था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा।
यह बयान कर रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
मंगलवार को मिले सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सोमवार देर रात करीब 2 बजकर 39 मिनट पर चंद्रपाल आरबीएम अस्पताल के पांचवें फ्लोर पर जाता है। यहां कुछ देर रुकता है और हाथ से इशारा करते हुए किसी को बुलाता है। वह बांहें फैलाकर खड़ा हो जाता है। इसके बाद करीब 1 मिनट 16 सेकंड तक इसी तरह बात करता रहता है, लेकिन उससे कोई मिलने नहीं आता। 2 बजकर 41 मिनट पर लिफ्ट की तरफ से एक लड़की आती दिखाई देती है। लड़की उसके पास आती है और वह लड़की के गले लगता है। गले लगने के बाद वह लड़की का हाथ चूमता है और उसकी तरफ देख छठी मंजिल की ओर चला जाता है।
चंद्रपाल छठी मंजिल पर पहुंचने के बाद रेलिंग के पास खड़ा होकर फिर से लड़की से बात करता है। उसे हाथ के इशारे से बुलाता है। फिर वह खिड़की खोलकर देखता है फिर कुछ सीढ़ियां नीचे उतरकर लड़की को देखता है और जब लड़की नहीं आती तो वह कूद जाता है।
पुलिस ने यह कहा
मथुरा गेट थाना अधिकारी रामनाथ ने बताया कि सुबह जब परिजन पहुंचे तो उन्होंने बताया कि पैर फिसलने से उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। वहीं, लड़की के बारे में अभी तक पता नहीं लग पाया है कि उसका नाम क्या था और कहां की रहने वाली है।
