कोटा के प्रसिद्ध दशहरा मेले में इस बार रावण का पुतला बनाएगा रिकॉर्ड, 44 लाख रुपए से बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रावण, मेले में आएगी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम
एनसीआई@कोटा
132 वें कोटा राष्ट्रीय दशहरा मेले में इस बार रावण का पुतला रिकॉर्ड बनाने वाला है। यहां बनने वाले रावण के पुतले की ऊंचाई 215 फीट होगी। इस प्रकार यह दुनिया का अभी तक का सबसे बड़ा रावण का पुतला होगा। रावण का यह पुतला दशहरा मैदान में वहीं बनाया जा रहा है, जहां इसे खड़ा किया जाएगा। इस बार पुतले को विजयश्री रंगमंच की जगह दशहरा मैदान में कच्ची दुकानों वाले स्थान पर खड़ा किया जाएगा।
इसके अलावा रावण के पुतले के अलग-बगल में कुम्भकरण और मेघनाद के पुतले भी खड़े किए जाएंगे। एहतियातन रावण के पुतले के आसपास 250 फीट खाली जगह छोड़ी जाएगी।

रावण, कुम्भकरण व मेघनाद के पुतले बना रहे हरियाणा के अम्बाला के दो दर्जन विशेषज्ञ कारीगरों की टीम के लीडर तेजेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि रावण के पुतले का कद 215 फीट ऊंचा होगा, जबकि सीने के पास से रावण के पुतले की चौड़ाई करीब 125 फीट होगी। इसका वजन करीब 40 टन होगा।
इसके लिए पहले लोहे का मजबूत स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। रावण व उनके कुनबे के चेहरे फाइबर के होंगे। सभी पुतले सुनहरी रंगों के साथ अन्य रंगों में सजी वेलवेट की पोशाक राजसी वैभव में दमकते नजर आएंगे।
रिमोट के इशारे से धधकेगा रावण
रावण के पुतले का दहन विजयादशमी पर 2 अक्टूबर को शुभ मुहूर्त में किया जाएगा। रावण के पुतले का दहन रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा। इस पुतले में नाभि, सिर, मुकुट, हाथों, सीने सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 20 स्थानों पर विशेष प्वॉइंट होंगे, जो रिमोट का इशारा पाते ही धधक उठेंगे। इन पुतलों को बनाने पर इस वर्ष सर्वाधिक 44 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
