अंता उपचुनाव में अपने बागी नेता को मनाने में सफल रही बीजेपी, रामपाल मेघवाल नामांकन वापस लेने को हुए राजी
पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने बीजेपी से बागी होकर निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था, लेकिन अब वे अपना नामांकन वापस लेने के लिए तैयार हो गए हैं।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले बीजेपी के बागी नेता रामपाल मेघवाल अपना नामांकन वापस लेने को राजी हो गए हैं। मेघवाल ने वर्ष 2013 में बारां जिले की ही अटरू सीट से लगभग 20 हजार मतों से जीत दर्ज की थी। मेघवाल के निर्दलीय नामांकन से माना जा रहा था कि वह बीजेपी को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
पूर्व विधायक मेघवाल ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात के बाद नामांकन वापस लेने पर सहमति जताई। रामपाल मेघवाल के इस फैसले से बीजेपी को रणनीतिक मजबूती मिली है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अंता विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के दौरान भाजपा परिवार पहले से अधिक एकजुट होकर मैदान में उतरा है। पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था, लेकिन अब वे पुनः भाजपा परिवार में शामिल हो गए हैं।

मिठाई खिलाकर मेघवाल का स्वागत
राठौड़ ने कहा कि मेघवाल ने अपनी नाराज़गी समाप्त करते हुए भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जनता के बीच जाने का संकल्प व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने खुद रामपाल मेघवाल को मिठाई खिलाकर और उनका स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा एक परिवार है, यहां मनभेद नहीं हैं, मतभेद हो सकते हैं। राठौड़ ने कहा कि रामपाल मेघवाल का पुनः स्वागत है। हम सब मिलकर अंता उपचुनाव में प्रचंड जीत हासिल करेंगे।
मनमुटाव के बाद निर्दलीय नामांकन
पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने कहा कि अंता उपचुनाव में आपसी मनमुटाव के चलते निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दर्ज किया था, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मार्गदर्शन और उदारता से प्रेरित होकर मैं नामांकन वापस ले रहा हूं। मैंने भाजपा परिवार में पुनः वापसी का निर्णय किया है। हम सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन की भारी मतों से विजय सुनिश्चित करेंगे। उल्लेखनीय है कि अंता विधानसभा उपचुनाव में 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।
