दिग्गज अभिनेता सलमान खान के बयान से बुरी तरह तिलमिलाया पाकिस्तान, घोषित कर दिया आतंकवादी
सलमान खान के सऊदी अरब में दिए गए एक बयान से तिलमिलाए पाकिस्तान ने उन्हें आतंकी घोषित कर दिया है। हद तो यह हो गई कि इसके लिए पाकिस्तान ने बाकायदा अधिसूचना तक जारी की है।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान के एक बयान से पाकिस्तान बुरी तरह तिलमिला उठा है। इसके चलते उसने उन्हें आतंकी घोषित कर दिया है। दरअसल, हाल में ही सलमान खान ने सऊदी अरब में एक कार्यक्रम में बलूचिस्तान को अलग देश बताया था। इससे शहबाज शरीफ सरकार बुरी तरह चिढ़ गई। इसके बाद अब शहबाज शरीफ की सरकार ने बाकायदा आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए सलमान खान को आतंकवाद रोधी अधिनियम के तहत आतंकी घोषित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने उनका नाम चौथे शेड्यूल में शामिल किया है।
जानकारी के मुताबिक चौथी सूची में शामिल करने का मतलब होता है कि उनपर कट्टरपंथी गतिविधियों के चलते नजर रखी जाएगी। अब तक सलमान खान या फिर उनके किसी प्रतिनिधि की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
सलमान खान ने यह कहा था
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब में एक फोरम में सम्बोधित करते हुए सलमान खान ने कहा था, ‘ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है। इसी बयान पर पाकिस्तान को मिर्ची लग गई। दरअसल लम्बे समय से बलूचिस्तान में पाकिस्तान से अलग होने के लिए आंदोलन चल रहा है, जिसे पाकिस्तानी सेना अपने अत्याचारों से रौंदने की कोशिश करती है। सलमान खान के बयान से भी ऐसा लगा कि वह बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग बता रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान का बौखलाना तय था।
एक तरफ जहां पाकिस्तान सलमान खान के बयान से तिलमिला गया तो दूसरी तरफ बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता उनसे खुश हैं। उन्होंने सलमान खान को उनके इस बयान के लिए धन्यवाद कहा है। हालांकि यह अब तक नहीं पता चला कि सलमान खान ने बातों ही बातों में इस तरह बोल दिया था या फिर जानबूझकर उन्होंने बलूचिस्तान का अलग से नाम लिया था।
आजादी के लिए चल रहा है संघर्ष
गौरतलब है कि बलूचिस्तान में आजादी के लिए लम्बे समय से आंदोलन चल रहा है। इसके चलते अक्सर वहां हिंसा की छोटी-बड़ी घटनाएं भी होती रहती हैं। दरअसल बलूचिस्तान प्राकृतिक संसाधनों के लिहाज से काफी समृद्ध है। इसके बावजूद यह आर्थिक रूप से काफी पिछड़ा हुआ है। यहां चल रहे चीन के प्रोजेक्ट्स के भी ब्लूचिस्तान के लोग भारी विरोधी हैं । ब्लूच विद्रोही पाकिस्तान की सेना या फिर पाकिस्तान के अन्य इलाके के लोगों को निशाना बनाते रहते हैं। बलूचिस्तान पाकिस्तान के 46 फीसदी हिस्से में है, लेकिन यहां की आबादी केवल 1.5 करोड़ के आसपास ही है।
