April 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बाइक पर आए बदमाश, युवक को रोक कर सीने में गोली मारी, मौत, दोस्त पर भी की फायरिंग, बाल-बाल बचा, गांव बना पुलिस छावनी

बाइक पर आए बदमाश, युवक को रोक कर सीने में गोली मारी, मौत, दोस्त पर भी की फायरिंग, बाल-बाल बचा, गांव बना पुलिस छावनी

झुंझुनूं जिले के ईशकपुरा गांव में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने एक युवक की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद भागते समय आरोपियों ने इस युवक के दोस्त पर भी फायरिंग की, मगर  वह बाल-बाल बच गया।

एनसीआई@झुंझुनूं

झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा गांव में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने एक युवक की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद भागते समय इन आरोपियों ने इस युवक के दोस्त पर भी फायरिंग की, मगर वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जिलेभर में नाकाबंदी कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार ईशकपुरा निवासी योगेश गुर्जर ने बताया कि डूमोली कलां निवासी मुकेश उर्फ टिंकू गुर्जर उसका दोस्त था। उसे सिंघाना से इलेक्ट्रिक स्कूटी लेने के लिए उसके कागजात चाहिए थे। इसके लिए शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे वह उसके पास ईशकपुरा आया था। गांव में दोनों शिव मंदिर के पास मिले, जहां से योगेश ने मुकेश को अपने घर कागजात लेने भेज दिया।

मुकेश उसके घर से कागजात लेकर लौट रहा था कि बीच रास्ते में ही मिंटू गुर्जर ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया। पहले उससे मारपीट की, फिर मिंटू ने पिस्टल से मुकेश के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही मुकेश गम्भीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घायल मुकेश को तुरंत सिंघाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थानाधिकारी सुगन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। शव को खेतड़ी नगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। यहां इसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

योगेश से कहा, तुम्हें भी प्रसाद दे दूं और फायरिंग कर दी

मुकेश को गोली मारने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। इसी दौरान रास्ते में शिव मंदिर के पास योगेश गुर्जर को देखकर आरोपियों ने बाइक रोकी। योगेश के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे। बीच में मिंटू बैठा हुआ था। इस मिंटू ने योगेश से कहा, तुम्हें भी प्रसाद दे दूं…और अचानक उस पर फायर कर दिया। हालांकि योगेश तुरंत झुक गया, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई और उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुरानी रंजिश बनी वजह

योगेश गुर्जर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले रुपए के लेन-देन को लेकर मुकेश का आरोपी मिंटू से विवाद हुआ था। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन आशंका है कि उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक मुकेश उर्फ टिंकू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। करीब छह महीने पहले ही उसके पिता रामनिवास गुर्जर का देहांत हुआ था। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है।

गांव बना पुलिस छावनी

घटना के बाद ईशकपुरा गांव में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.