अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर होगा संविधान पार्क का शिलान्यास
एनसीआई@कोटा
शहर के श्रीनाथपुरम् में प्रस्तावित संविधान पार्क का शिलान्यास 13 अप्रेल को अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर होगा। विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संविधान पार्क का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के सम्बन्ध में मंगलवार को तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान की मूल भावना, उसके निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा तथा संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष की पहल पर कोटा में संविधान पार्क एवं संग्रहालय के निर्माण की महत्वपूर्ण योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। यह पहल न केवल युवाओं में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरुकता बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें देश की लोकतांत्रिक विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगी।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि पार्क के केन्द्र में संविधान निर्माण के प्रमुख शिल्पकार बाबासाहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की गनमेटल से बनी भव्य पूर्णाकार प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्क में एक संविधान कालरेखा पथ भी बनाया जाएगा, जिसमें 1946 से 1950 तक की संवैधानिक यात्रा को विस्तार से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही म्यूजियम का निर्माण होगा। इसमें संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों की जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध होगी। इस दौरान भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन आदि भी मौजूद रहे।
