राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों पर अजय माकन ने यह कहा
1 min read
एनसीआई@जयपुर
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने आज बुधवार को गहलोत सरकार के जल्द मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर विराम लगा दिया। अजय माकन ने साफ कर दिया कि बजट सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होगा। इसी के साथ प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों के बारे में माकन ने कहा कि सीएम से इस बारे में चर्चा हुई है। अजय माकन कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा….? इस सवाल पर माकन ने कहा कि बजट सत्र बुला लिया गया है। सेशन के बीच में नियुक्तियां, मंत्रिमंडल विस्तार कभी नहीं होता है। मुझे इस तरह के आकलन और खबरें सुनकर हैरानी हो रही थी। बजट के दौरान तो मंत्रिमंडल विस्तार या मंत्रिमंडल नहीं बनता है। जब बजट आ रहा है तो नए मंत्री कैसे आ सकते हैं। मंत्रियों को प्रश्नों की तैयारी करनी रहती है। इन सारी चीजों को देखते हुए जो कभी नहीं हुआ वह अब कैसे होगा?
माकन ने आगे कहा कि पहले जिला स्तर की छोटी राजनीतिक नियुक्तियां होंगी। सभी पार्टी पदाधिकारियों से जिला स्तर की राजनीतिक नियुक्तियों के लिए नाम मांगे गए हैं। 10 फरवरी तक सभी पदाधिकारियों से सूची देने को कहा है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को एक प्रोफॉर्मा भी दिया है। माकन ने 15 फरवरी तक छोटी राजनीतिक नियुक्तियां कर देने का दावा किया। यहां गौरतलब है कि, माकन ने पहले 31 जनवरी तक राजनीतिक नियुक्तियों का काम पूरा करने कर लेने की घोषणा की थी, लेकिन अब उन्होंने अपने उस ही बयान से यू-टर्न ले लिया।
पायलट गुट चाहता है जल्द मंत्रिमंडल विस्तार
अजय माकन के इस ताजा बयान से यह साफ हो गया है कि कम से कम बजट सत्र तक तो मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होगा। आगे भी कब होगा, इसके बारे में भी कुछ साफ नहीं है। दूसरी ओर, सचिन पायलट गुट जल्द मंत्रिमंडल विस्तार का दबाव बना रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उसके लिए बिलकुल भी तैयार नहीं हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार लम्बा खिंचने की सम्भावना इसलिए भी है कि बजट सत्र खत्म होने से पहले ही 4 विधानसभा सीटों के उपचुनाव की घोषणा हो जाएगी। इसके बाद अप्रेल के आसपास केरल विधानसभा के चुनाव हैं। इसमें गहलोत ऑर्ब्जवर हैं, ऐसे में केरल चुनाव पूरे होने तक तो मंत्रिमंडल विस्तार टाले जाने की पूरी पृष्ठभूमि तैयार है।