September 29, 2023

News Chakra India

Never Compromise

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन

1 min read

एनसीआई@लखनऊ

उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व दिग्गज भाजपा नेता कल्याण सिंह का लम्बी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वे कई दिन से लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती थे। एसजीपीजीआई के बयान के अनुसार कल्याण सिंह का निधन सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर की वजह से हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्‍याण सिंह की स्थिति काफी समय से नाजुक बनी हुई थी। इसके चलते उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। कल्‍याण सिंह एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी एवं कार्डियोलॉजी विभागों के वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में थे। 89 वर्षीय कल्याण सिंह को गत चार जुलाई को संक्रमण की वजह से एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज डॉक्टर राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में किया जा रहा था।

कल्याण सिंह के बिगड़े स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना गोरखपुर दौरा बीच में रद्द कर शनिवार को बीते 24 घंटे के अंदर दूसरी बार लखनऊ के एसजीपीजीआई पहुंचे थे। इससे पहले शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताया शोक

कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि, ”मैं निशब्द हूं। कल्याण सिंह जी…राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। ऊँ शांति।”

एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, “भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह जी की आभारी रहेंगी। वे भारतीय मूल्यों के प्रति दृढ़ थे और सदियों पुरानी परम्पराओं पर गर्व करते थे। कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके से आने वाले करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए।”

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.