बून्दी: अब 4 अक्टूबर से ‘कोरोना के खिलाफ जन आन्दोलन’, ऐसी होगी रूपरेखा
1 min read
एनसीआई@बून्दी
कोविड-19 संक्रमण रोकथाम के लिए अब राज्य भर में जन आंदोलन चलाया जाएगा। इस जन आंदोलन की शुरुआत 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर होगी। वहीं इसे जिला स्तर पर 4 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा सुबह 10 बजे इसका शुभारम्भ करेंगे। मीणा 3 अक्टूबर को शाम 6 बजे बून्दी पहुंच जाएंगे।
इस कोरोना के विरुद्ध जन आंदोलन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर आशीष गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक हुई। इसमें बताया गया कि अभियान का संचालन स्थानीय निकायों द्वारा किया जाएगा। नगर परिषद आयुक्त अभियान के नोडल अधिकारी होंगे। विभिन्न शहरी क्षेत्रों में नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों की देखरेख में यह अभियान चलाया जाएगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान में मुख्य रूप से आमजन को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए मास्क नहीं पहनने वालों को समझाइश करते हुए मास्क वितरण भी किया जाएगा। बार-बार की समझाइश के बाद भी मास्क नहीं पहनने पर चालान भी काटा जाएगा। जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न विभागों की समन्वित टीम बनाकर वार्डवार इसकी पहुंच बनाई जाए और मास्क के लिए जन चेतना का प्रभावी कार्य किया जाए। इस टीम में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग,महिला अधिकारिता,स्काउट गाइड एवं सम्बद्ध अन्य विभागों की भी भागीदारी रहेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तथा अधिकाधिक जन जुड़ाव के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी एक माह के दौरान किया जाए।
विभिन्न संगठनों की भी रहेगी भागीदारी
इसी क्रम में शहर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ जिला कलक्टर ने वार्ता कर अभियान में उनसे सहयोग का आह्वान किया। साथ ही उनसे सुझाव भी लिए गए। जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने कहा कि, समन्वित प्रयासों से हमने कोरोना पर नियंत्रण पाया है, अब इसे शून्य पर लाना है। यह तभी सम्भव होगा जब हम सब मिलकर जन आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सामाजिक दूरी की पालना के लिए प्रवेश के स्थान पर रस्सी लगाने को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। मास्क नहीं पहनने वाले को सामान नहीं देने की कड़ाई से पालना भी सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने सुझाव रखे और सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर से माना कि मास्क के लिए तथा सामाजिक दूरी बनाने के लिए आमजन को प्रेरित करना बहुत जरूरी है। हम इस तरह कोरोना को हम मात दे सकेंगे।
बैठक में अतिरिक्त कलक्टर एयू खान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, उपखंड अधिकारी डॉ. पूजा सक्सेना, समाजसेवी विजयराज सिंह हाड़ा, रेडक्रॉस सचिव अशोक विजय, ध्रुव व्यास, चारभुजा मंदिर समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक, अशोक शर्मा व अन्य विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी प्मौजूद रहे।